Advertisement

नाबालिग से दुष्कर्म मामले में महिला आयोग सख्त, होटल प्रबंधन पर भी कार्रवाई के निर्देश, महिला आयोग अध्यक्ष ने एम्स पहुंचकर पीड़िता का जाना हाल, फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश तेज करने के देिए निर्देश


ऋषिकेश, 31 अगस्त। ऋषिकेश के एक होटल में सोशल मीडिया के जरिए नाबालिग छात्रा से दोस्ती कर कथित दुष्कर्म के मामले में उत्तराखंड राज्य महिला आयोग ने सख्त रुख अपनाया है। आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने मामले का स्वतः संज्ञान लेते हुए सोमवार को एम्स ऋषिकेश पहुंचकर उपचाराधीन पीड़िता और उसके परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने पीड़िता को हरसंभव न्याय, समुचित उपचार और सुरक्षा का भरोसा दिलाया।
आयोग अध्यक्ष ने पुलिस एवं अस्पताल के अधिकारियों से मामले की जानकारी लेते हुए जांच में तेजी लाने और कार्रवाई निष्पक्ष रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस अधीक्षक देहात जया बलूनी और ऋषिकेश के प्रभारी निरीक्षक यशपाल सिंह बिष्ट से दूरभाष पर वार्ता कर घटनाक्रम की जानकारी ली। उन्होंने फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश तेज करने तथा कानून के तहत कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
कुसुम कंडवाल ने कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से नाबालिगों को बहला-फुसलाकर अपराध का शिकार बनाए जाने की घटनाएं गंभीर चिंता का विषय हैं। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की सोशल मीडिया गतिविधियों को लेकर सतर्क रहने की अपील की। साथ ही पुलिस प्रशासन को ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

मामले में होटल प्रबंधन की भूमिका को लेकर भी महिला आयोग ने कड़ा रुख अपनाया है। अध्यक्ष ने पुलिस महानिदेशक उत्तराखंड को पत्र भेजकर प्रदेशभर के होटलों के लिए सख्त दिशा-निर्देश जारी करने को कहा है। उन्होंने होटलों में कम से कम तीन माह का सीसीटीवी बैकअप सुरक्षित रखना अनिवार्य किए जाने की मांग की, ताकि आवश्यकता पड़ने पर पुलिस, महिला आयोग अथवा एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट द्वारा रिकॉर्ड की जांच की जा सके।
उन्होंने कहा कि बिना वैध पहचान पत्र और आयु सत्यापन के नाबालिगों को कमरा उपलब्ध कराने वाले होटल प्रबंधनों को चिन्हित किया जाए और कानून के तहत उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाए। आयोग अध्यक्ष ने कहा कि होटल प्रबंधन की लापरवाही सामने आने पर पॉक्सो अधिनियम समेत अन्य सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया जाना चाहिए।
कुसुम कंडवाल ने दो-टूक कहा कि प्रदेश में बेटियों की अस्मिता से खिलवाड़ करने वाले किसी भी दोषी को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *