ऋषिकेश 18 फरवरी। नगर निगम स्थित आई.एस.बी.टी. परिसर में समाज कल्याण विभाग के तत्वावधान में एक विशाल सहायक उपकरण वितरण शिविर का सफल आयोजन किया गया । कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ महापौर शंभू पासवान द्वारा किया गया ।
इस शिविर का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र के दिव्यांगजन और वरिष्ठ नागरिकों को सुलभ जीवन जीने के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना था ।
मुख्य आकर्षण एवं वितरण सामग्री: शिविर के दौरान पूर्व में चयनित 12 दिव्यांगों एवं 60 से अधिक वरिष्ठ नागरिकों को उनकी आवश्यकतानुसार विभिन्न सहायक उपकरण वितरित किए गए । वितरण सामग्री में मुख्य रूप से बैटरी चालित ट्राई साइकिल एवं साधारण ट्राई साइकिल, फोल्डिंग व्हीलचेयर, वाकिंग स्टिक, कान की मशीन, चेयर विद कम्बोड, सिलिकोन कुशन और कमर बेल्ट इत्यादि उपकरण शामिल रहे ।
इस अवसर पर महापौर शंभू पासवान ने कहा कि समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति की सेवा करना ही नगर निगम और सरकार की प्राथमिकता है । उन्होंने कहा, “दिव्यांगों और बुजुर्गों को सशक्त बनाना हमारा कर्तव्य है, ताकि वे बिना किसी बाधा के अपना दैनिक जीवन व्यतीत कर सकें ।”
इस अवसर पर जन प्रतिनिधि पार्षद रामकुमार सांगर, दीपक बिष्ट, सरोजनी थपलियाल, मनीष जाटव एवं समाज कल्याण विभाग से शोभित दास, आकाश एवं विनोद के साथ ही अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे ।
नगर निगम ऋषिकेश में समाज कल्याण शिविर का आयोजन; महापौर ने दिव्यांगों और वरिष्ठ नागरिकों को वितरित किए सहायक उपकरण














Leave a Reply