नाबालिग को शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर दुष्कर्म के आरोप में आरोपी गिरफ्तार, पोक्सो सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज


ऋषिकेश, 17 अप्रैल । कोतवाली ऋषिकेश पुलिस ने त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद कर लिया है। इस मामले में संलिप्त आरोपी युवक को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध पोक्सो अधिनियम सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 16 अप्रैल 2026 को सोनू पुत्र सोकत अली निवासी बनखण्डी, ऋषिकेश ने कोतवाली में सूचना दी कि उनकी 17 वर्षीय नाबालिग पुत्री 15 अप्रैल को कंप्यूटर क्लास के लिए घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। इस पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित धारओं के तहत अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के नेतृत्व तथा क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश के निकट पर्यवेक्षण में एक विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने तत्परता से संभावित स्थानों पर तलाश शुरू की।
लगातार प्रयासों के बाद 16/17 अप्रैल की रात धनौरी पुल, कलियर रोड क्षेत्र से नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद कर लिया गया। मौके पर एक युवक भी मौजूद मिला, जिसने पूछताछ में अपना नाम रिहान पुत्र शहजाद निवासी अकबरपुर, थाना कोतवाली मंगलौर, जनपद हरिद्वार (उम्र 19 वर्ष) बताया।
जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि आरोपी युवक ने नाबालिग को शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। इस आधार पर मामले में धारा 87, 64(1) बीएनएस के साथ-साथ धारा 3/4 पोक्सो अधिनियम की वृद्धि की गई।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *