Advertisement

प्रतिबंधित डबल ट्रिपल बीच पर हादसा: फोटो खींचते समय गंगा में बहे दो युवक, एसडीआरएफ का सर्च ऑपरेशन जारी


ऋषिकेश, 22 मई। लक्ष्मणझूला थाना क्षेत्र के डबल ट्रिपल बीच के समीप एक दर्दनाक हादसे में उत्तर प्रदेश के अमरोहा निवासी दो युवक गंगा नदी की तेज धारा में बह गए। दोनों युवक अपने दोस्तों के साथ घूमने आए थे और नदी किनारे फोटो खींचते समय अचानक संतुलन बिगड़ने से तेज बहाव की चपेट में आ गए। घटना के बाद से दोनों लापता हैं, जिनकी तलाश में एसडीआरएफ द्वारा व्यापक सर्च एवं रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार 21 मई की सायंकाल चार दोस्त डबल ट्रिपल बीच क्षेत्र में घूमने पहुंचे थे। इसी दौरान दो युवक नदी के किनारे खड़े होकर फोटो खिंचवा रहे थे। अचानक उनका पैर फिसल गया और वे गंगा की तेज धारा में बहने लगे। साथ मौजूद अन्य दो दोस्तों ने उन्हें बचाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन नदी के प्रबल बहाव के आगे उनकी कोशिशें नाकाम रहीं और दोनों युवक देखते ही देखते नदी में समा गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ को मौके पर बुलाया गया। शुक्रवार सुबह से एसडीआरएफ की विशेषज्ञ डीप डाइवर टीम अत्याधुनिक रेस्क्यू उपकरणों के साथ नदी में लगातार खोजबीन कर रही है। संभावित क्षेत्रों में गहन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है, लेकिन देर शाम तक दोनों युवकों का कोई सुराग नहीं मिल पाया था।

लापता युवकों की पहचान मोहम्मद फैज़ान (25 वर्ष) पुत्र अली अब्बास तथा मोहम्मद कैफ (19 वर्ष) पुत्र नसीम अख्तर, निवासी नौगावां सादात, जनपद अमरोहा (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। साथियों के अनुसार सभी युवक अमरोहा से ऋषिकेश घूमने आए थे।
पुलिस और एसडीआरएफ अधिकारियों ने बताया कि जिस स्थान पर यह हादसा हुआ, वह पूर्ण रूप से प्रतिबंधित घाट क्षेत्र है। यहां नदी का बहाव अत्यंत तेज और खतरनाक होने के कारण लोगों के जाने पर रोक है। बावजूद इसके कई पर्यटक रोमांच और फोटोग्राफी के लिए ऐसे स्थानों तक पहुंच जाते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है।
एसडीआरएफ ने इस घटना के बाद पर्यटकों और स्थानीय लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। विभाग ने कहा है कि प्रतिबंधित घाटों, गहरे पानी वाले क्षेत्रों और असुरक्षित नदी तटों पर स्नान, सेल्फी या फोटो खींचने से बचें तथा प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें। थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर दुर्घटना और जनहानि का कारण बन सकती है।
फिलहाल एसडीआरएफ की टीम लगातार नदी में सर्च ऑपरेशन चला रही है और दोनों युवकों की तलाश जारी है। घटना से परिजनों में शोक और चिंता का माहौल बना हुआ है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *