देहरादून 31 अगस्त। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से सोमवार को मुख्यमंत्री आवास में जमैका में भारत के उच्चायुक्त मयंक जोशी, इथियोपिया में भारत के राजदूत देवेश उत्तम और जाम्बिया में भारत के उच्चायुक्त आलोक रंजन झा ने भेंट की। इस दौरान संबंधित देशों में रोजगार की संभावनाओं, कुशल मानव संसाधन की आवश्यकता और उत्तराखंड के युवाओं के लिए उपलब्ध अवसरों को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विदेशों में जिन क्षेत्रों में रोजगार की अधिक संभावनाएं हैं और कुशल मानव संसाधन की जरूरत है, उनकी जानकारी प्राप्त करने के लिए संबंधित भारतीय मिशनों के साथ नियमित समन्वय रखा जाए। उन्होंने कहा कि विदेशों में उपलब्ध रोजगार के अवसरों और वहां की मांग के अनुरूप प्रदेश के युवाओं को कौशल के साथ आवश्यक भाषा प्रशिक्षण भी दिया जाए, ताकि उन्हें वैश्विक स्तर पर बेहतर रोजगार मिल सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में होम स्टे के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य हुए हैं। विभिन्न देशों से आने वाले प्रतिनिधिमंडलों को प्रदेश के होम स्टे मॉडल से परिचित कराने के लिए उनका भ्रमण कराया जा सकता है। उन्होंने फार्मा, उद्योग, आयुर्वेद और वेलनेस के क्षेत्र में उत्तराखंड की संभावनाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ावा देने पर भी जोर दिया।
जाम्बिया में शिक्षा और कृषि में अवसर
जाम्बिया में भारत के उच्चायुक्त आलोक रंजन झा ने बताया कि वहां कुशल मानव संसाधन की व्यापक आवश्यकता है। शिक्षा और कृषि के क्षेत्र में रोजगार की अनेक संभावनाएं हैं। उन्होंने इन क्षेत्रों में उपलब्ध अवसरों और आवश्यकताओं से संबंधित विस्तृत नोट राज्य सरकार को उपलब्ध कराने की बात कही।
जमैका में नर्सिंग की मांग
जमैका में भारत के उच्चायुक्त मयंक जोशी ने बताया कि पर्यटन, स्वास्थ्य सेवा और कृषि के क्षेत्र में रोजगार की पर्याप्त संभावनाएं हैं। विशेष रूप से नर्सिंग क्षेत्र में प्रशिक्षित मानव संसाधन की मांग है। युवाओं को इन क्षेत्रों की जरूरत के अनुरूप प्रशिक्षण देकर रोजगार से जोड़ा जा सकता है।
इथियोपिया में लॉजिस्टिक्स और फार्मा में संभावनाएं
इथियोपिया में भारत के राजदूत देवेश उत्तम ने बताया कि वहां प्रबंधन और लॉजिस्टिक्स के क्षेत्र में रोजगार के अवसर हैं। फार्मास्युटिकल और फ्लोरीकल्चर के क्षेत्र में भी बेहतर संभावनाएं उपलब्ध हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के युवाओं में प्रतिभा और क्षमता की कमी नहीं है। जरूरत है कि उन्हें वैश्विक मांग के अनुरूप कौशल और प्रशिक्षण देकर रोजगार के बेहतर अवसरों से जोड़ा जाए। उन्होंने विभिन्न देशों में कुशल मानव संसाधन की मांग का आकलन कर युवाओं के प्रशिक्षण के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर प्रमुख सचिव आरके सुधांशु और सचिव विनय शंकर पांडेय भी उपस्थित रहे।
उत्तराखंड के युवाओं को विदेशों में रोजगार के अवसरों से जोड़ने की तैयारी, जमैका, इथियोपिया और जाम्बिया में कुशल मानव संसाधन की मांग पर सीएम पुष्कर सिंह धामी ने की चर्चा













Leave a Reply