Advertisement

मसूरी गोलीकांड के अमर शहीदों को नगर निगम में दी श्रद्धांजलि , शहीदों के सपनों का उत्तराखंड बनाना ही सच्ची श्रद्धांजलि:शम्भू पासवान


ऋषिकेश, 2 सितंबर। पृथक उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलन के दौरान 2 सितंबर 1994 को मसूरी गोलीकांड में शहीद हुए आंदोलनकारियों की स्मृति में बुधवार को नगर निगम ऋषिकेश परिसर में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम में महापौर शम्भू पासवान ने शहीद आंदोलनकारियों के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
महापौर शम्भू पासवान ने कहा कि 2 सितंबर 1994 को पृथक उत्तराखंड राज्य की मांग को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे निहत्थे आंदोलनकारियों पर हुआ गोलीकांड राज्य आंदोलन के इतिहास का बेहद दुखद अध्याय है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड राज्य के निर्माण के पीछे वीर आंदोलनकारियों और मातृशक्ति का संघर्ष, त्याग और सर्वोच्च बलिदान रहा है। उनके अदम्य साहस और बलिदान के परिणामस्वरूप ही आज उत्तराखंड पृथक राज्य के रूप में अस्तित्व में है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता अमर शहीदों के बलिदान को कभी भुला नहीं सकती। शहीदों के सपनों के अनुरूप समृद्ध, विकसित, आत्मनिर्भर और जनकल्याणकारी उत्तराखंड का निर्माण करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने लोगों से राज्य आंदोलन के मूल उद्देश्यों और शहीदों के आदर्शों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता उषा रावत ने की, जबकि मंच संचालन हुकम पोखरियाल ने किया। इस दौरान संजय शास्त्री, बलबीर सिंह नेगी, गम्भीर मेवाड़, कुसुमलता शर्मा, रमेश रतूड़ी, आशुतोष डंगवाल, एचएन चंद, लक्ष्मी बुड़ाकोटी, शीला ध्यानी, जयंती नेगी, शकुंतला नेगी, मंजू गैरोला, सावन रमोला, विशम्भर दत्त डोभाल, सुनीता सकलानी, रीना शर्मा और सरोजनी थपलियाल सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *