भीषण ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान, सीएम धामी ने बाजपुर पहुंचकर लिया जायजा, प्रभावित किसानों से मिले मुख्यमंत्री, अधिकारियों को जल्द सर्वे कर नियमानुसार राहत देने के निर्देश


बाजपुर  9 अक्टूबर। बाजपुर क्षेत्र में शुक्रवार को हुई भीषण ओलावृष्टि से किसानों की फसलों को हुए नुकसान का जायजा लेने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण और स्थलीय निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने प्रभावित किसानों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने अधिकारियों को फसलों के नुकसान का आकलन प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार अपराह्न करीब 12 बजे बाजपुर क्षेत्र में अचानक भीषण ओलावृष्टि हुई, जिससे किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचा। उस समय मुख्यमंत्री धामी हल्द्वानी से देहरादून लौट रहे थे। ओलावृष्टि और फसलों को हुए नुकसान की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री ने खराब मौसम के बावजूद अपने हेलीकॉप्टर को बाजपुर की ओर ले जाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने पहले हेलीकॉप्टर से ओलावृष्टि प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद बाजपुर पहुंचकर प्रभावित खेतों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने किसानों से सीधे संवाद कर फसलों को हुए नुकसान और उनकी समस्याओं की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने किसानों को भरोसा दिलाया कि संकट की इस घड़ी में राज्य सरकार उनके साथ खड़ी है और उन्हें नियमानुसार राहत उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
नुकसान का आकलन जल्द करने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिए कि ओलावृष्टि से प्रभावित फसलों का विस्तृत सर्वेक्षण कर नुकसान का आकलन जल्द से जल्द पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रभावित किसानों को नियमानुसार राहत उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक कार्रवाई समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित की जाए।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्राकृतिक आपदा की इस घड़ी में राज्य सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ किसानों के साथ खड़ी है। किसानों के हितों की रक्षा करना और उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रभावित किसानों की समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी न हो तथा नुकसान के आकलन से लेकर राहत उपलब्ध कराने तक की प्रक्रिया तत्परता और संवेदनशीलता के साथ पूरी की जाए।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *