गीता भवन नंबर-3 में सामूहिक श्री रामचरितमानस नवाहपरायण 9 दिवसीय पाठ शुरू,  देशभर से जुट रहे श्रद्धालु, 30 वर्षों से आयोजित हो रहा धार्मिक अनुष्ठान,  प्रतिदिन सुबह 8:30 से दोपहर 2:30 बजे तक हो रहा पाठ


ऋषिकेश 12 अक्टूबर । शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर गीता भवन नंबर-3 के प्रांगण में श्री रामचरितमानस के सामूहिक नवाहपरायण पाठ का आयोजन किया जा रहा है। 11 अक्टूबर से शुरू हुआ यह धार्मिक अनुष्ठान 19 अक्टूबर तक चलेगा। प्रतिदिन सुबह 8:30 बजे से दोपहर लगभग 2:30 बजे तक श्रद्धालु सामूहिक रूप से श्री रामचरितमानस का पाठ कर रहे हैं।
इस धार्मिक आयोजन की विशेषता है कि पिछले लगभग 30 वर्षों से लगातार इसका आयोजन किया जा रहा है। प्रत्येक वर्ष करीब 2500 श्रद्धालु सामूहिक रूप से पाठ में सम्मिलित होकर श्रीराम की भक्ति और रामचरितमानस के आध्यात्मिक संदेशों का लाभ प्राप्त करते हैं। आयोजन में देश के विभिन्न राज्यों से श्रद्धालु पहुंचते हैं, जिनमें महाराष्ट्र, राजस्थान और कोलकाता सहित भारत के अनेक क्षेत्रों के भक्त शामिल हैं।
श्री रामचरितमानस के नवाहपरायण पाठ में सुशील जी महाराज, जोधपुर, व्यास गद्दी पर विराजमान होकर पाठ का संचालन कर रहे हैं। नवरात्रि के दौरान आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में श्रद्धालु पूरी श्रद्धा और भक्ति के साथ सहभागिता कर रहे हैं।
आयोजन के माध्यम से श्रीराम के आदर्शों, मर्यादा, भक्ति और सदाचार के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। तीन दशकों से चली आ रही यह परंपरा श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र बनी हुई है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *