उत्तराखंड कांग्रेस में ऋषिकेश के नेताओं का बढ़ा कद, मिली अहम जिम्मेदारियां,


ऋषिकेश 19 अक्टूबर। उत्तराखंड में कांग्रेस संगठन को मजबूत बनाने के लिए पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के स्तर पर की गई इन नियुक्तियों में ऋषिकेश के नेताओं को भी अहम दायित्व मिले हैं। इससे स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है।

वरिष्ठ कांग्रेस नेता विजय सारस्वत को मेनिफेस्टो विभाग में उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव जयेन्द्र रमोला को प्रदेश ओबीसी विभाग का प्रभारी नियुक्त किया गया है।

इन नियुक्तियों को पार्टी के संगठनात्मक विस्तार और विभिन्न विभागों की गतिविधियों को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

इसके अलावा, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव राकेश सिंह एडवोकेट को प्रदेश कांग्रेस का संपत्ति प्रभारी बनाया गया है।

प्रदेश सचिव सोहनलाल रतूड़ी को डोईवाला विधानसभा क्षेत्र का प्रभारी तथा प्रदेश सचिव राकेश अग्रवाल को राजपुर विधानसभा क्षेत्र की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

पार्टी नेतृत्व को उम्मीद है कि नवनियुक्त पदाधिकारी अपने अनुभव और संगठनात्मक क्षमता के माध्यम से कांग्रेस की गतिविधियों को अधिक प्रभावी बनाएंगे।

साथ ही, विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित करने, विधानसभा स्तर पर संगठन को सक्रिय करने और पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

इन नियुक्तियों से कांग्रेस संगठन में नई ऊर्जा आने की उम्मीद जताई जा रही है। स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं ने विश्वास व्यक्त किया कि नई जिम्मेदारियों के साथ संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूती मिलेगी और पार्टी का जनाधार बढ़ाने के प्रयासों को गति मिलेगी।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *