Advertisement

हाईटेंशन लाइन से टकराया बदरीनाथ से आ रहा हेलीकॉप्टर, खेतों में करानी पड़ी इमरजेंसी लैंडिंग; सभी 6 लोग सुरक्षित


चम्बा/टिहरी, 20 मई। बदरीनाथ धाम से देहरादून की ओर जा रहे एक हेलीकॉप्टर को बुधवार सुबह तकनीकी समस्या उत्पन्न होने के बाद टिहरी जनपद के चम्बा-आराकोट मार्ग स्थित सत्यो-सकलाना क्षेत्र में आपातकालीन लैंडिंग करानी पड़ी। राहत की बात यह रही कि हेलीकॉप्टर में सवार पायलट सहित सभी छह लोग पूरी तरह सुरक्षित हैं। घटना के बाद पुलिस, प्रशासन और संबंधित विभागों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर सुरक्षा एवं राहत कार्य शुरू कर दिए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रांस भारत एविएशन कंपनी का हेलीकॉप्टर बदरीनाथ धाम से देहरादून के लिए उड़ान भरकर आ रहा था। उड़ान के दौरान चम्बा-आराकोट क्षेत्र के ऊपर अचानक तकनीकी समस्या उत्पन्न हो गई। इसी दौरान हेलीकॉप्टर का पिछला हिस्सा हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आ गया, जिससे उसे क्षति पहुंची। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पायलट ने सूझबूझ का परिचय देते हुए सत्यो-सकलाना क्षेत्र के खेतों में सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग कराई।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, प्रशासनिक अधिकारियों तथा अन्य संबंधित विभागों की टीमें तत्काल मौके पर पहुंच गईं। अधिकारियों ने घटनास्थल को सुरक्षित घेराबंदी में लेते हुए राहत एवं सुरक्षा कार्य प्रारम्भ किया। साथ ही क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से बचने के लिए आवश्यक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित किए गए।

प्राथमिक जांच में हेलीकॉप्टर में सवार सभी यात्रियों और पायलट को सुरक्षित पाया गया है। किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। प्रशासन ने सभी यात्रियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की व्यवस्था भी की।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार घटना के वास्तविक कारणों और तकनीकी पहलुओं की विस्तृत जांच एविएशन विशेषज्ञों तथा संबंधित तकनीकी एजेंसियों द्वारा की जाएगी। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि दुर्घटना की स्थिति किन परिस्थितियों में उत्पन्न हुई।
स्थानीय लोगों ने बताया कि हेलीकॉप्टर के खेतों में उतरने की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण भी घटनास्थल की ओर पहुंच गए थे। हालांकि प्रशासन ने तत्काल क्षेत्र को सुरक्षित कर स्थिति को नियंत्रण में रखा। हेलीकॉप्टर की सुरक्षित लैंडिंग और पायलट की सूझबूझ के चलते एक बड़ा हादसा टल गया।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *