चिकित्सा शिक्षा को नई रफ्तार: धामी ने किया ₹20.55 करोड़ की पांच योजनाओं का शिलान्यास-लोकार्पण, प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं का हो रहा विस्तार: पुष्कर सिंह धामी


देहरादून 19 अक्टूबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को सेलाकुई स्थित हेमवती नंदन बहुगुणा उत्तराखण्ड चिकित्सा शिक्षा विश्वविद्यालय परिसर में ₹20.55 करोड़ की पांच योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। इनमें ₹20.21 करोड़ की तीन योजनाओं का शिलान्यास और ₹34 लाख की दो योजनाओं का लोकार्पण शामिल है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने मां सरस्वती की पूजा-अर्चना की तथा स्वर्गीय हेमवती नंदन बहुगुणा की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हेमवती नंदन बहुगुणा उत्तराखण्ड चिकित्सा शिक्षा विश्वविद्यालय प्रदेश में चिकित्सा शिक्षा के विकास और युवाओं के भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। विश्वविद्यालय परिसर में नई सुविधाओं के विकास से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा और क्षेत्र के विकास को भी गति मिलेगी। राज्य सरकार का प्रयास है कि चिकित्सा शिक्षा प्राप्त करने वाले युवा कुशल चिकित्सक, नर्सिंग अधिकारी और अन्य स्वास्थ्य पेशेवर बनकर प्रदेश की सेवा करें।

विश्वविद्यालय में सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल की योजना
मुख्यमंत्री ने बताया कि विश्वविद्यालय परिसर में सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल की स्थापना के लिए केंद्र सरकार के स्वास्थ्य मंत्रालय को प्रस्ताव भेजा गया है। केंद्र से स्वीकृति मिलने के बाद इस दिशा में आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं का व्यापक विस्तार हुआ है। उत्तराखण्ड सरकार भी आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में वर्तमान में पांच राजकीय मेडिकल कॉलेज संचालित हैं, जबकि दो मेडिकल कॉलेज निर्माणाधीन हैं। इसके अतिरिक्त नौ नर्सिंग कॉलेज और तीन नर्सिंग स्कूल संचालित किए जा रहे हैं। देहरादून, हल्द्वानी और श्रीनगर के मेडिकल कॉलेजों में सुपर स्पेशियलिटी सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हल्द्वानी में आधुनिक कैंसर संस्थान का निर्माण किया जा रहा है। जिला अस्पतालों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में भी सुविधाएं सुदृढ़ की जा रही हैं। ऊधमसिंह नगर के किच्छा में ₹351 करोड़ की लागत से एम्स सैटेलाइट सेंटर बनाया जा रहा है। इसके शुरू होने से क्षेत्र की बड़ी आबादी को आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा। दूरस्थ और दुर्गम क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए टेलीमेडिसिन और हेली एंबुलेंस जैसी सेवाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि सरकारी अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों में चिकित्सकों, नर्सिंग अधिकारियों तथा पैरामेडिकल कार्मिकों की नियुक्तियों के साथ प्रशिक्षण सुविधाओं को बेहतर बनाया जा रहा है। सरकार का उद्देश्य प्रदेशवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करना भी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने के लिए विदेशी भाषाओं का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके तहत वर्ष 2023 में 60 अभ्यर्थियों को जापान और वर्ष 2025 में 13 अभ्यर्थियों को जर्मनी में रोजगार मिला। उन्होंने जर्मन भाषा का प्रशिक्षण प्राप्त कर जर्मनी में नौकरी हासिल करने वाली उत्तराखण्ड की सपना राणा का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश के युवा अपनी प्रतिभा और कौशल से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड में शिक्षा प्राप्त करने वाले युवा एम्स, पीजीआई, रेलवे और मिलिट्री नर्सिंग सर्विस जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। राज्य सरकार युवाओं के भविष्य को सुरक्षित बनाने और उन्हें रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भर्ती परीक्षाओं में होने वाली अनियमितताओं पर प्रभावी रोक लगाने के लिए राज्य सरकार ने सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया है। सरकार युवाओं को पारदर्शी व्यवस्था के तहत अवसर उपलब्ध कराने और उनके भविष्य को सुरक्षित बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
इस अवसर पर चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में चिकित्सा शिक्षा के विस्तार और स्वास्थ्य सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।
कार्यक्रम में विधायक सहदेव सिंह पुंडीर, हेमवती नंदन बहुगुणा उत्तराखण्ड चिकित्सा शिक्षा विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. (डॉ.) भानु दुग्गल, यूकॉस्ट के महानिदेशक प्रो. दुर्गेश पंत, महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी, चिकित्सा शिक्षा निदेशक डॉ. आशुतोष सयाना, डॉ. संजय गौड़, डॉ. गीता जैन सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति और अधिकारी उपस्थित रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *