



ऋषिकेश 28 नवंबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के विभिन्न जनपदों और विधानसभा क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देने के लिए करोड़ों रुपये की योजनाओं को वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है। इन स्वीकृतियों के तहत सड़कों का निर्माण एवं सुधारीकरण, मंदिरों और मेला स्थलों का सौंदर्यीकरण, हेलीपैड निर्माण, सिंचाई गूल, नालियों और सुरक्षात्मक कार्यों सहित विभिन्न विकास योजनाओं को आगे बढ़ाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने चम्पावत विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत कठाड़ कमेला के मुख्य मार्गों पर सीसी एवं इंटरलॉकिंग टाइल्स निर्माण के लिए 55.16 लाख रुपये स्वीकृत किए हैं। मसूरी विधानसभा क्षेत्र के आर्यनगर वार्ड संख्या-9 की आंतरिक सड़कों एवं नालियों के निर्माण तथा सुरक्षात्मक कार्यों के लिए 56.76 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। वहीं, ऊधमसिंह नगर के गदरपुर विधानसभा क्षेत्र में गणेशपुर से लंकुरा बाजावाला होते हुए रमपुरकाजी तक मार्ग के बीएम/एसडीबीसी से सुदृढ़ीकरण के लिए 242.38 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है।
हरिद्वार जनपद के पिरान कलियर विधानसभा क्षेत्र में सीसी मार्ग एवं इंटरलॉकिंग रोड निर्माण के लिए 249.32 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसमें प्रथम किस्त के रूप में 161.20 लाख रुपये जारी करने का अनुमोदन दिया गया है। देहरादून के डोईवाला विधानसभा क्षेत्र में जॉलीग्रांट सैंज चौकी से जुड्डी गांव होते हुए कालूवाला को जोड़ने वाली सड़क के निर्माण के लिए 98.75 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। इसकी प्रथम किस्त के रूप में 59.25 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के विकास को भी प्राथमिकता दी गई है। पिथौरागढ़ के डीडीहाट विधानसभा क्षेत्र में रसैपाटा स्थित पौराणिक भगवती मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 59.57 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। रुद्रप्रयाग के केदारनाथ विधानसभा क्षेत्र में सिल्ला बामण गांव के साणेश्वर मंदिर, सिद्धपीठ आशुतोष महादेव, तुंगेश्वर महादेव मंदिर फलासी और महड़ महादेव मंदिर महड़गांव के सौंदर्यीकरण के लिए 49.94 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं।
चम्पावत विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत ढकना बडोला में श्री ऐड़ी ब्यानधुरा भूमिया मेला स्थल के सौंदर्यीकरण के लिए 109.88 लाख रुपये तथा चमोली के कर्णप्रयाग विधानसभा क्षेत्र में दानवीर कर्ण के मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 99.71 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। कर्ण मंदिर योजना की प्रथम किस्त के रूप में 59.82 लाख रुपये जारी करने का अनुमोदन दिया गया है। टिहरी विधानसभा क्षेत्र के नई टिहरी स्थित बौराड़ी के नवदुर्गा मंदिर की मरम्मत एवं सौंदर्यीकरण के लिए 100 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है, जिसमें प्रथम किस्त के रूप में 60 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं।
उत्तरकाशी के पुरोला विधानसभा क्षेत्र के मोरी विकासखंड स्थित ग्राम फिताड़ी में हेलीपैड निर्माण के लिए 107.98 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। देहरादून के धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र के कारगी चौक में जाट भवन निर्माण के लिए शेष 125 लाख रुपये की धनराशि मंजूर की गई है।
इसके अलावा ऊधमसिंह नगर के किच्छा विधानसभा क्षेत्र में पंडित गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय परिसर की शेष सड़कों के सुधार के लिए 422.11 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। पिथौरागढ़ के डीडीहाट विधानसभा क्षेत्र में थल-सत्सिलिंग मोटर मार्ग (राजमार्ग-60) के किलोमीटर 143.930 पर डांगोली-दाड़िमखेत-हरवाड़-वलीघाट-दफौड़-धर्मघर-कोटमन्या-पाखू-थल-सत्सिलिंग मोटर मार्ग का श्रेणी-बी से श्रेणी-ए में उच्चीकरण करने के लिए 111.92 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं।
वहीं, चम्पावत विधानसभा क्षेत्र में मंच-लेठी-बमनगांव-तारकुली-आवंडा से विकासखंड ताकुला के भेसड़गांव-चौड़ा-फल्याटी-बनौड़ा तक सिंचाई गूल के निर्माण के लिए 95.01 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसमें प्रथम किस्त के रूप में 57 लाख रुपये जारी करने का अनुमोदन प्रदान किया गया है।
मुख्यमंत्री की इन स्वीकृतियों से प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के विकास और ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क तथा सिंचाई सुविधाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है।















Leave a Reply