



ऋषिकेश 28 नवंबर। उत्तराखंड राज्य आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाने के बावजूद चिन्हीकरण से वंचित रह गए राज्य आंदोलनकारियों को उनका अधिकार दिलाने की मांग को लेकर उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी संयुक्त संघर्ष समिति रायवाला का आंदोलन लगातार जारी है।
ऋषिकेश तहसील परिसर में समिति के बैनर तले पिछले 53 दिनों से आंदोलनकारी कार्मिक अनशन पर बैठे हैं। आंदोलनकारियों की मांग है कि राज्य आंदोलनकारियों के चिन्हीकरण के लिए निर्धारित पांचों मानकों के आधार पर छूटे हुए वास्तविक आंदोलनकारियों को भी राज्य आंदोलनकारी का दर्जा मिल सके।
इसके साथ ही राज्य आंदोलनकारियों के सम्मान और अधिकारों को ध्यान में रखते हुए उन्हें सेनानी मंच का दर्जा दिए जाने की मांग भी उठाई जा रही है।
समिति की ओर से मुख्यमंत्री, उपजिलाधिकारी एवं तहसील प्रशासन को दिए पूर्व में दिए ज्ञापन में बोला गया है कि वर्ष 1994 से लेकर वर्ष 2000 में उत्तराखंड राज्य गठन तक राज्य आंदोलन के दौरान हजारों लोगों ने विभिन्न आंदोलनों में सक्रिय भागीदारी निभाई थी। इस दौरान आंदोलनकारियों ने जुलूस-प्रदर्शन, उत्तराखंड बंद, चक्काजाम, रेल रोको, सरकारी एवं अर्द्धसरकारी कार्यालयों में तालाबंदी, मशाल जुलूस, जेल भरो आंदोलन और दिल्ली रैली सहित अनेक आंदोलनात्मक गतिविधियों में हिस्सा लिया था।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया था कि कई आंदोलनकारियों ने अपने चिन्हीकरण के लिए वर्ष 2009 से वर्ष 2017 और सितंबर 2021 तक अपने दस्तावेज एवं साक्ष्य संबंधित कार्यालयों में जमा कराए थे, लेकिन इसके बावजूद उनका चिन्हीकरण नहीं हो पाया। समिति का कहना है कि पूर्व में निर्धारित मानकों के आधार पर कुछ आंदोलनकारियों का नाम सूची में शामिल नहीं हो सका है, जबकि वे राज्य आंदोलन के दौरान सक्रिय रूप से संघर्ष में शामिल रहे थे।
आंदोलनकारियों ने प्रशासन से मांग की है कि वर्ष 2008 और 2009 के पांचों मानकों के आधार पर छूटे हुए सक्रिय राज्य आंदोलनकारियों का निष्पक्षता से चिन्हीकरण किया जाए। इसके लिए जिलाधिकारी देहरादून से भी आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया गया है। समिति ने स्पष्ट किया है कि जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
शनिवार को कार्मिक अनशन पर मालती देवी, तुलसी देवी, गोदावरी देवी, झूमा देवी और लक्ष्मी खत्री सहित आंदोलनकारी बैठे। इस दौरान चंद्रकांता बेलवाल, देवेश्वर काला, सुभाष भट्ट, गोपाल सिंह, धर्मवीर पंवार, वीर सिंह धनी, मोहर सिंह चौहान, परमेश्वरी कुशल, सीमा उनियाल, सरोज कुकरेती, एकादशी देवी और माहेश्वरी नेगी, बीना कुकरेती सहित बड़ी संख्या में आंदोलनकारी मौजूद रहे।
आंदोलनकारियों ने एकजुट होकर छूटे हुए राज्य आंदोलनकारियों के चिन्हीकरण की मांग को प्रमुखता से उठाते हुए सरकार से शीघ्र न्याय दिलाने की अपील की।

















Leave a Reply