उत्तराखंड कराटे एकेडमी में 80 से अधिक खिलाड़ी सम्मानित,  खिलाड़ियों के साथ खड़ा है नगर निगम: शंभू पासवान 


ऋषिकेश, 11 अक्टूबर। उत्तराखंड कराटे एकेडमी की ओर से रविवार को उर्वशी कॉम्प्लेक्स, देहरादून रोड स्थित एकेडमी परिसर में भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में बेल्ट टेस्ट में सफलता हासिल करने वाले 80 से अधिक कराटे खिलाड़ियों को प्रमाण पत्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर खिलाड़ियों के चेहरे खिल उठे और उनमें आगे बेहतर प्रदर्शन करने का उत्साह दिखाई दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर निगम ऋषिकेश के महापौर सम्भू पासवान रहे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में नगर निगम पार्षद राजेंद्र सिंह बिष्ट, दीपक धमीजा, डीबीएस रावत और राजे नेगी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन विकास शाही ने किया।
इस अवसर पर महापौर शंभू पासवान ने कहा कि नगर निगम खिलाड़ियों के साथ हर कदम पर खड़ा है। खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का सशक्त माध्यम हैं। ऐसे आयोजन खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने और लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें खेल के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।
उत्तराखंड कराटे एकेडमी के डायरेक्टर एवं कोच राजेंद्र गुप्ता ने कहा कि खिलाड़ियों की सफलता उनकी कड़ी मेहनत, लगन और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि एकेडमी का उद्देश्य खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के साथ ही उन्हें खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करना है। एकेडमी भविष्य में भी खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर प्रयास करती रहेगी।
समारोह में ब्राउन, पर्पल, ग्रीन, ऑरेंज, ब्लू और येलो बेल्ट के टेस्ट में सफल हुए 80 से अधिक खिलाड़ियों को बेल्ट प्रमाण पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान किए गए। पार्षद राजेंद्र सिंह बिष्ट और दीपक धमीजा ने भी खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान डीबीएस रावत ने दो प्रतिभाशाली खिलाड़ियों भूमिका शर्मा और शिविन गुप्ता को विशेष रूप से प्रोत्साहित करते हुए एक-एक हजार रुपये के चेक प्रदान किए। इस सम्मान से खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ा।
इस अवसर पर कराटे कोच वरदान वर्मा, चिराग धमीजा, सुमित कुमार, आकाश उनियाल, कृष्ण जाटव, लक्ष्मण साहनी, भूमिका सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *