

ऋषिकेश, 6 अक्टूबर। सुभाष बनखंडी श्री रामलीला कमेटी की ओर से आयोजित होने वाली श्री रामचरितमानस की 66वीं रामलीला के शुभारंभ समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं।
मंगलवार को कमेटी के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं विधायक प्रेमचंद्र अग्रवाल से भेंट कर उन्हें रामलीला के शुभारंभ समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का सादर निमंत्रण दिया।
कमेटी के अनुसार, श्री रामचरितमानस की 66वीं रामलीला का मंचन 7 से 21 अक्टूबर तक सुभाष बनखंडी स्थित श्री रामलीला ग्राउंड में किया जाएगा। सात अक्टूबर को विधायक प्रेमचंद्र अग्रवाल दीप प्रज्वलित कर रामलीला का विधिवत शुभारंभ करेंगे।
रामलीला आयोजन को भव्य एवं व्यवस्थित बनाने के लिए कमेटी के अध्यक्ष अशोक थापा, कोषाध्यक्ष रणवीर सिंह पाल और महामंत्री योगेश कालड़ा के नेतृत्व में पदाधिकारी एवं सदस्य तैयारियों में जुटे हुए हैं।
कमेटी पदाधिकारियों ने कहा कि सुभाष बनखंडी की रामलीला ऋषिकेश की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। रामलीला के माध्यम से भगवान श्रीराम के आदर्श, मर्यादा, सत्य और धर्म का संदेश समाज तक पहुंचाने के साथ ही नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति एवं धार्मिक परंपराओं से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
कमेटी ने ऋषिकेश एवं आसपास के क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में रामलीला ग्राउंड, बनखंडी पहुंचकर रामलीला मंचन का आनंद लेने और कलाकारों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।
इस अवसर पर पार्षद जितेंद्र पाल, पार्षद सिमरन उप्पल, अमित उप्पल, हर्ष पाल, अनुज कुमार, रवि कुमार, दिव्या पाल पाठी, तानिया पाल, गायत्री पाल और काजल पाल समेत अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।














Leave a Reply