युवक पर चाकू से जानलेवा हमला, आरोपी गिरफ्तार 


ऋषिकेश, 6 अक्टूबर।  ऋषिकेश थाना क्षेत्र अंतर्गत चंदेश्वर नगर की गली नंबर 22 में युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में ऋषिकेश पुलिस ने नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त फोल्डिंग चाकू भी बरामद किया है। मामले में आर्म्स एक्ट की धारा भी बढ़ाई गई है।

ऋषिकेश कोतवाली पुलिस के अनुसार, चन्द्रेश्वर नगर निवासी स्वाति सिंह ने पांच अक्टूबर को कोतवाली ऋषिकेश में तहरीर दी थी। तहरीर में आरोप लगाया गया कि चार अक्टूबर की रात करीब साढ़े नौ बजे उसके भाई योगेश सिंह पर अर्पित पुत्र लालचंद, निवासी गली नंबर 22 चन्द्रेश्वर नगर, ने जान से मारने की नीयत से चाकू से हमला कर दिया। हमले में योगेश गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए सरकारी अस्पताल ऋषिकेश ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया।

तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी अर्पित के खिलाफ कोतवाली ऋषिकेश में मुकदमा दर्ज किया गया। 

पुलिस टीम ने संभावित ठिकानों पर दबिश देते हुए पांच अक्टूबर को मुखबिर की सूचना पर चन्द्रेश्वर नगर स्थित हनुमान मंदिर के पास घेराबंदी की। यहां से नामजद आरोपी अर्पित (19) को गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त फोल्डिंग चाकू बरामद हुआ। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धारा की भी बढ़ोतरी की है।

पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि चार अक्टूबर की रात गली नंबर 22 में उसका योगेश और उसके दोस्तों के साथ विवाद हो गया था। इसी दौरान गुस्से में आकर उसने योगेश पर चाकू से वार कर दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है और उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *