हरिद्वार से जोशीमठ जा रही बस 120 फीट नीचे गूलर गाड़ नदी में गिरी , 9 यात्रियों की मौत, 27 घायल


ऋषिकेश, 17 नवंबर। ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर गूलर पुल के पास मंगलवार सुबह तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया। हरिद्वार से यात्रियों को लेकर जोशीमठ जा रही विश्वनाथ सेवा की बस अनियंत्रित होकर पुल से करीब 120 फीट नीचे गूलर गाड़ नदी में जा गिरी। हादसे में नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि 27 यात्री घायल हो गए। मृतकों में बस चालक और परिचालक भी शामिल हैं। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ, आपदा राहत दल, फायर सर्विस और आईटीबीपी की टीमों ने मौके पर पहुंचकर युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव अभियान चलाया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह करीब 4:50 बजे चौकी गूलर के माध्यम से थाना मुनिकीरेती को सूचना मिली कि एक बस गूलर पुल से नीचे नदी में गिर गई है। सूचना मिलते ही थाना मुनिकीरेती और थाना नरेंद्रनगर की पुलिस टीमों के साथ आपदा राहत दल, नरेंद्रनगर फायर सर्विस और एसडीआरएफ की टीमें घटनास्थल पर पहुंच गईं। शिवपुरी स्थित आईटीबीपी कैंप से जवानों को भी बचाव अभियान में लगाया गया।

हादसे की गंभीरता को देखते हुए 108 एंबुलेंस के साथ स्थानीय अस्पतालों, एलएंडटी और नवयुगा कंपनी की एंबुलेंस को भी मौके पर बुलाया गया। पुलिस और बचाव दलों ने दुर्गम घटनास्थल पर तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद एक घंटे के भीतर सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश भेजा गया। हादसे में सात यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि दो ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

पुलिस के मुताबिक विश्वनाथ सेवा की बस संख्या UK09PA-9779 मंगलवार तड़के 3:15 बजे हरिद्वार से जोशीमठ के लिए रवाना हुई थी। बस में चालक सहित कुल 34 लोग सवार थे। बस को राजेंद्र सिंह (48) पुत्र कुंदन सिंह निवासी क्यूरी पोखरी, रुद्रप्रयाग चला रहे थे। हादसे में चालक की भी मौत हो गई। बस के परिचालक अनुज भंडारी (27) निवासी बढ़ल, शिवपुरी, मुनिकीरेती की भी जान चली गई।

गूलर बस दुर्घटना में मृतकों की पूरी सूची निम्न है-

1-पन्नू पुत्र श्री घुंघरू उम्र लगभग 55 वर्ष निवासी मेखण्दी पौड़ी गढ़वाल
2- अनुज भंडारी (परिचालक) उम्र लगभग 23 वर्ष निवासी ग्राम बडल भवानी शिवपुरी टिहरी गढ़वाल
3- राज राय पुत्र श्री द्वारिका नाथ राय निवासी दक्षिण नजीर पर खारला जलपाईगुड़ी पश्चिम बंगाल
4- दीपक गुप्ता उम्र लगभग 50 वर्ष निवासी मध्य प्रदेश
5- राजेंद्र सिंह (ड्राइवर) उम्र लगभग 55 वर्ष पोखरी रुद्रप्रयाग
6- विक्की पुत्र श्री सेवाराम उम्र लगभग 37 वर्ष निवासी मकान नंबर 309 पावर हाउस चंदौसी संभल उत्तर प्रदेश
7- सुशील प्रताप सिलोडी पुत्र श्री ब्रह्मानंद सिलोडी उम्र 55 वर्ष
8- विकास गुप्ता निवासी मध्य प्रदेश पता अज्ञात
9- रोहित कश्यप निवासी चंदौसी संभल उत्तर प्रदेश

25 घायलों की सूची जारी

पुलिस ने हादसे में घायल 25 यात्रियों की सूची जारी की है। इनमें मोहम्मद वहाब अंसारी (22), राहुल कुमार (24), अभिषेक (28), प्रत्यूष (23), अर्जुन सौरन (34), बुधन मुर्मू (50), आयरा (3), नूरजहां (26), राजकुमार (32), जतिन (21), पंकज नेगी (31), संतोष कुमार (38), वीरेंद्र सिंह (58), मुन्ना सिंह (28), सागर (21), खुशी भट्ट (19), नवीन (31), परेश मराठी, आसापंथ (64), पंकज कांडपाल (42), अंजू (32), आर्यन गुप्ता, रमेश चंद, दर्शन सिंह और रामा प्रसाद घोष (62) शामिल हैं। घायलों में झारखंड, बिहार, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, असम, मध्य प्रदेश और पश्चिम बंगाल के यात्री शामिल हैं।

हादसे के कारणों की जांच शुरू

पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल बस अनियंत्रित होकर नदी में गिरने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। दुर्घटनास्थल से यात्रियों के सामान को सुरक्षा की दृष्टि से गूलर चौकी में रखवाया गया है। पुलिस द्वारा मृतकों की शिनाख्त और घायलों के परिजनों से संपर्क करने की कार्रवाई भी की जा रही है।

 

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *