



ऋषिकेश, 15 नवंबर। उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति और पारंपरिक विरासत को संजोने के उद्देश्य से गढ़ सेवा संस्थान ऋषिकेश की ओर से 17 नवंबर को 12वें गढ़ रक्षक महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। ईगास बग्वाल पर्व के उपलक्ष्य में हरिद्वार रोड स्थित आशीर्वाद वाटिका में आयोजित होने वाले इस महोत्सव में लोक संस्कृति की मनमोहक छटा देखने को मिलेगी। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे।
रविवार को रेलवे रोड स्थित एक होटल में आयोजित पत्रकार वार्ता में गढ़ सेवा संस्थान के अध्यक्ष रविंद्र सिंह राणा एवं अन्य पदाधिकारियों ने महोत्सव की तैयारियों और कार्यक्रम की रूपरेखा की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि संस्था विगत वर्षों से उत्तराखंड की लोक परंपराओं, रीति-रिवाजों और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए इस महोत्सव का आयोजन करती आ रही है।
उन्होंने बताया कि महोत्सव में पारंपरिक भैलो नृत्य और मंडाण की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां विशेष आकर्षण रहेंगी।
वहीं पांडवाज बैंड अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों को उत्तराखंड की लोक संस्कृति और संगीत से रूबरू कराएगा। कार्यक्रम का संचालन आरजे काव्या करेंगी। इसके अलावा महोत्सव में पहुंचने वाले लोगों को उत्तराखंड के पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद चखने का अवसर भी मिलेगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं स्थानीय विधायक प्रेमचंद अग्रवाल करेंगे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि तथा राज्य मंत्री वीरेंद्र दत्त सेमवाल विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
महोत्सव में दर्शकों के लिए लकी ड्रॉ का आयोजन भी किया जाएगा। इसके माध्यम से 12 भाग्यशाली विजेताओं को 12 आकर्षक पुरस्कार दिए जाएंगे। इनमें प्रथम पुरस्कार के रूप में एक्टिवा स्कूटी, द्वितीय पुरस्कार मोबाइल फोन और तृतीय पुरस्कार साइकिल रखी गई है।
पत्रकार वार्ता में गोपाल सती, ताजेंद्र नेगी, मनोज ध्यानी, अरुण बडोनी, देवेंद्र सिंह नेगी, सुमित पवार, कौशल बिजल्वाण, भगवती प्रसाद रतूड़ी और विजय रावत सहित संस्था के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
Post Views: 239














Leave a Reply