भक्ति और श्रद्धा के साथ मनाया गया स्वामी माधवाश्रम महाराज का नवम आराधना महोत्सव,


ऋषिकेश, 10 नवंबर। मायाकुंड स्थित शंकराचार्य स्वामी माधवाश्रम समाधि संस्थान, जनार्दन आश्रम दंडी बाड़ा में ब्रह्मलीन जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी माधवाश्रम  महाराज का नवम आराधना महोत्सव भक्ति, श्रद्धा और आस्था के साथ मनाया गया। इस अवसर पर संत-महात्माओं, आचार्यों और श्रद्धालुओं ने महाराजश्री की समाधि पर पहुंचकर श्रद्धासुमन अर्पित किए और उनके आध्यात्मिक योगदान का स्मरण किया।
आराधना महोत्सव का शुभारंभ प्रातःकाल गणेश पूजन के साथ हुआ। इसके पश्चात विधि-विधान से स्वामी माधवाश्रम  महाराज की समाधि एवं चरण पादुका पूजन किया गया। समाधि पूजन दंडी स्वामी अनिरुद्धानन्द तीर्थ जी महाराज एवं महंत अभय चैतन्य मुनि जी के सानिध्य में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर भारत के सुप्रसिद्ध संत स्वामी निग्रहाचार्य  ने समाधि स्थल पहुंचकर महाराजश्री के दर्शन किए। उन्होंने कहा कि ब्रह्मलीन जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी माधवाश्रम  महाराज का संपूर्ण जीवन सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार और संरक्षण के लिए समर्पित रहा। उन्होंने सदैव शास्त्र सम्मत तर्कों के माध्यम से सनातन धर्म की रक्षा की। गौ, गंगा और गायत्री के प्रति उनका जीवन समर्पित रहा। स्वामी निग्रहाचार्य के अचानक कार्यक्रम में पहुंचने पर उपस्थित आचार्यों ने उनके साथ धर्म एवं आध्यात्मिक विषयों पर चर्चा कर उनका मार्गदर्शन प्राप्त किया।
दंडी स्वामी अनिरुद्धानन्द तीर्थ  महाराज ने कहा कि ब्रह्मलीन ज्योतिषपीठाधीश्वर स्वामी माधवाश्रम जी महाराज ने पूरे भारतवर्ष में सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने विभिन्न प्रांतों में संस्कृत विद्यालयों और गोशालाओं का निर्माण करवाकर सनातन धर्म की जड़ों को मजबूत करने का कार्य किया।
महंत अभय चैतन्य मुनि  ने कहा कि वर्तमान समय में सनातन धर्म के संबंध में समाज में फैली भ्रामक भ्रांतियों को दूर करने की आवश्यकता है। स्वामी माधवाश्रम महाराज ने आजीवन दृढ़ता के साथ सनातन धर्म के संरक्षण और संवर्धन के लिए कार्य किया। उनका जीवन संत समाज और भावी पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है।
इस अवसर पर आश्रम के वरिष्ठ ट्रस्टी संजय शास्त्री ने सभी अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया।
कार्यक्रम में ट्रस्टी शैलेन्द्र मिश्रा, एलपी पुरोहित, प्रधानाचार्य डॉ. जनार्दन कैरवान, आचार्य सुभाष डोभाल, वैदिक ब्राह्मण महासभा के पूर्व अध्यक्ष गंगाराम व्यास, मणिराम पैन्यूली, आचार्य जितेंद्र भट्ट, ब्रह्मचारी अजय जी, महिषानंद गिरि, स्वामी अखंडानंद महाराज, स्वामी रामदास जी, डॉ. ओमप्रकाश भट्ट, जयेंद्र रमोला, दिनेश मास्टर, जयवर्धन भट्ट, देवेंद्र रोथाण, आरके शर्मा, घनश्याम नौटियाल, राजेंद्र चमोली, पूर्व कैबिनेट मंत्री शूरवीर सिंह सजवाण, दिनेश सती, राजेश भट्ट, आचार्य शंकर भट्ट, आचार्य मुकेश थपलियाल, आचार्य सौरभ सेमवाल, आयुष गौड़, आचार्य भानु प्रकाश उनियाल और मंगलेश्वर डंगवाल सहित बड़ी संख्या में संत-महात्मा एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *