ऋषिकेश मोबाइल की दुकान में चोरी का खुलासा, चार शातिर गिरफ्तार, 30 मोबाइल, तीन लैपटॉप और आईपैड बरामद, दो मोटरसाइकिलें भी पुलिस ने की जब्त,


ऋषिकेश 10 नवंबर। ऋषिकेश-हरिद्वार रोड स्थित गुप्ता मोबाइल वर्ल्ड में हुई लाखों रुपये की चोरी का ऋषिकेश पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने चोरी की वारदात में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से विभिन्न कंपनियों के 30 मोबाइल फोन, तीन एचपी लैपटॉप और एक एप्पल आईपैड बरामद किया है। इसके अलावा चोरी में इस्तेमाल की गई दो स्प्लेंडर मोटरसाइकिलें भी बरामद की गई हैं।

 गिरफ्तार आरोपियों में दो के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, मामले में शामिल पांचवें आरोपी की पुलिस तलाश कर रही है।
पुलिस के अनुसार, शिवाजी नगर निवासी अश्वनी गुप्ता ने 6 नवंबर को कोतवाली ऋषिकेश में शिकायत दर्ज कराई थी कि 6 नवंबर की रात करीब दो से चार बजे के बीच अज्ञात चोरों ने गीतानगर गली नंबर-10 के बाहर स्थित उनकी गुप्ता मोबाइल वर्ल्ड दुकान का शटर तोड़कर विभिन्न कंपनियों के मोबाइल फोन, एचपी लैपटॉप और डेमो फोन चोरी कर लिए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
घटना के खुलासे के लिए गठित पुलिस टीम ने दुकान और आसपास के क्षेत्रों में लगे करीब 40 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही पुराने अपराधियों के रिकॉर्ड और फुटेज में दिखाई दे रहे संदिग्धों का मिलान किया गया। सोमवार 9 नवंबर को पुलिस आईडीपीएल गोलचक्कर के पास संदिग्धों और चोरी के सामान की तलाश में चेकिंग कर रही थी।
 इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी की घटना में शामिल चार लोग दो काले रंग की स्प्लेंडर मोटरसाइकिलों से नटराज चौक होते हुए बाईपास रोड से श्यामपुर की ओर जा रहे हैं।
सूचना पर पुलिस ने मनसा देवी फाटक से आगे बाईपास रोड पर घेराबंदी कर दोनों मोटरसाइकिलों पर सवार चारों आरोपियों को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने साथी संदीप के साथ मिलकर मोबाइल की दुकान में चोरी करना स्वीकार किया। उन्होंने बताया कि चोरी का सामान आपस में बांट लिया था और अधिकांश सामान जंगल में छिपाकर रखा था। बरामद सामान को बेचने के लिए हरिद्वार की ओर जा रहे थे।
पुलिस ने आरोपी योगेंद्र उर्फ दीपक के पास मौजूद काले रंग के बैग से तीन एचपी लैपटॉप, एक एप्पल आईपैड और 24 मोबाइल फोन बरामद किए। अन्य आरोपियों के कब्जे से भी मोबाइल फोन बरामद हुए। कुल 30 मोबाइल फोन, तीन लैपटॉप और एक आईपैड बरामद किया गया। दुकान स्वामी द्वारा उपलब्ध कराए गए बिल और आईएमईआई नंबरों से मिलान करने पर 22 मोबाइल फोन, दो लैपटॉप और आईपैड चोरी के पाए गए। पुलिस ने चोरी का नीले रंग का सोनिलेक्स कंपनी का बैग भी बरामद किया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नितिन दास निवासी मुर्गी फार्म रायवाला, अभिषेक थापा निवासी प्रतीत नगर रायवाला, योगेंद्र उर्फ दीपक निवासी अहबाबनगर कड़च्छ ज्वालापुर और रोहन निवासी लालतप्पड़ डोईवाला के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार अभिषेक थापा और रोहन के खिलाफ पहले भी चोरी के कई मुकदमे दर्ज हैं। दोनों के आपराधिक इतिहास की जानकारी अन्य राज्यों से भी जुटाई जा रही है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ दर्ज मुकदमे में चोरी की संपत्ति बरामद होने पर संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी की है। दोनों मोटरसाइकिलों के आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत भी कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है, जबकि पांचवें आरोपी संदीप की तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *