कुल्हाड़ी और पाटल से जानलेवा हमला करने का आरोपी गिरफ्तार, शराब बिक्री की पुलिस को सूचना देने की बात पर हुआ था विवाद, पहले एक आरोपी जा चुका है जेल


ऋषिकेश, 11 नवंबर। बैराज कॉलोनी रोड पर कुल्हाड़ी और पाटल से जानलेवा हमला कर दो युवकों को गंभीर रूप से घायल करने के मामले में फरार चल रहे दूसरे नामजद आरोपी को ऋषिकेश पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को विस्थापित क्षेत्र से गिरफ्तार किया। उसे बुधवार को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, बीती 15 अक्टूबर को आईडीपीएल कॉलोनी निवासी शुभम ने कोतवाली ऋषिकेश में तहरीर देकर बताया था कि बैराज कॉलोनी रोड स्थित संजय टैगोर की दुकान पर शराब बेचे जाने की सूचना पुलिस को देने की बात कहने पर संजय टैगोर, जुगल किशोर और उनके अन्य साथियों ने उसके तथा उसके साथी के साथ गाली-गलौज की। आरोपियों ने दोनों को जान से मारने की धमकी देते हुए कुल्हाड़ी और पाटल से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की थी। पुलिस इस मामले में नामजद आरोपी संजय टैगोर उर्फ संजीव कुमार को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, जबकि दूसरा नामजद आरोपी जुगल किशोर घटना के बाद से फरार चल रहा था।

पुलिस टीम लगातार उसकी तलाश में जुटी थी। इसी क्रम में 9 नवंबर को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने लक्कड़घाट रोड स्थित शिव मंदिर से करीब 200 मीटर आगे विस्थापित क्षेत्र में दबिश देकर जुगल किशोर को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान जुगल किशोर (52 वर्ष) पुत्र स्व. फूल सिंह, निवासी पुरानी जाटव बस्ती, रेलवे रोड ऋषिकेश, हाल निवासी अरुण त्यागी का मकान, गली नंबर छह, विस्थापित आईडीपीएल ऋषिकेश के रूप में हुई है। पुलिस आरोपी के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई कर रही है


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *