मोबाइल दुकान चोरीकांड में दो और गिरफ्तार, अब तक छह आरोपी पुलिस की गिरफ्त में चोरी के मोबाइल, लैपटॉप, टैबलेट, स्मार्ट वॉच और जेबीएल स्पीकर बरामद,


ऋषिकेश, 15 नवंबर। ऋषिकेश-हरिद्वार रोड स्थित गीतानगर की गली नंबर 10 के बाहर गुप्ता मोबाइल वर्ल्ड में हुई लाखों रुपये की चोरी के मामले में ऋषिकेश पुलिस ने फरार चल रहे दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से चोरी के मोबाइल फोन, लैपटॉप, टैबलेट, जेबीएल एयर स्पीकर और स्मार्ट वॉच सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान बरामद किया है। इस मामले में पुलिस अब तक कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।

ऋषिकेश कोतवाली प्रभारी यशपाल सिंह बिष्ट ने बताया कि बीती 6 नवंबर की रात करीब दो से चार बजे के बीच अज्ञात चोरों ने गुप्ता मोबाइल वर्ल्ड का शटर तोड़कर विभिन्न कंपनियों के मोबाइल फोन, एचपी कंपनी के लैपटॉप और डेमो फोन चोरी कर लिए थे। दुकान स्वामी अश्वनी गुप्ता की तहरीर पर कोतवाली ऋषिकेश में संबंधित धराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।

इस मामले में पुलिस ने 9 नवंबर को आईडीपीएल गोल चक्कर के पास चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर मनसा देवी फाटक से आगे बाईपास रोड पर दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इनमें नितिन दास निवासी रायवाला, अभिषेक थापा निवासी प्रतीत नगर रायवाला, योगेंद्र उर्फ दीपक निवासी ज्वालापुर हरिद्वार और रोहन निवासी लालतप्पड़ डोईवाला शामिल थे। इनके कब्जे से चोरी के 30 मोबाइल फोन, तीन एचपी लैपटॉप, एक एप्पल आईपैड और घटना में प्रयुक्त दो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की गई थीं।

पुलिस की विवेचना और गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में दो अन्य आरोपियों के नाम सामने आए थे। इनकी तलाश में जुटी पुलिस टीम ने 14 नवंबर को पहली कार्रवाई करते हुए रायवाला थाने से आगे एक चाय की दुकान के पास से शेखर चौधरी उर्फ प्रिंस (26) निवासी प्रतीत नगर, रायवाला को गिरफ्तार किया। तलाशी में उसके पास से सैमसंग कंपनी का एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। मोबाइल के आईएमईआई नंबर का मिलान चोरी हुए मोबाइलों की सूची से करने पर उसकी पहचान हो गई।

इसके बाद पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर नेपाली फार्म की ओर जा रहे दूसरे आरोपी संजीव उर्फ संदीप उर्फ हेलमेट (19) निवासी प्रतीत नगर, रायवाला को गिरफ्तार किया। उसके पास मौजूद काले-ग्रे रंग के बैग से इनफिनिक्स जीटी मोबाइल फोन, एचपी लैपटॉप, इनफिनिक्स एक्सपैड टैबलेट, दो जेबीएल एयर स्पीकर और फास्टट्रैक स्मार्ट वॉच बरामद हुई। पुलिस ने बरामद इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के आईएमईआई और सीरियल नंबर का मिलान दुकान स्वामी की ओर से उपलब्ध कराए गए बिलों और विवरण से किया, जो सही पाए गए।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में संजीव ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। उसने बताया कि चोरी के बाद अपने हिस्से में आया सामान छिपाकर वह निजी काम से हरियाणा चला गया था। वापस लौटने के बाद वह चोरी का सामान बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा था।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर उन्हें मेडिकल परीक्षण के बाद न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस प्रकार गुप्ता मोबाइल वर्ल्ड चोरी प्रकरण में अब तक छह आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं और चोरी का काफी सामान बरामद किया गया है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *