मुनि की रेती में बच्चों से भरी बस अनियंत्रित होकर दीवार से टकराई,


ऋषिकेश 14 नवंबर । मुनि की रेती के पीडब्ल्यूडी तिराहे पर शनिवार सुबह बच्चों से भरी एक बस अचानक अनियंत्रित होकर दीवार से टकरा गई। बस के ब्रेक फेल होने के कारण हुए हादसे में चालक, हेल्पर और विद्यालय की प्रधानाचार्य घायल हो गए। गनीमत रही कि बस में सवार सभी बच्चे और अन्य शिक्षक सुरक्षित बच गए। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची मुनि की रेती पुलिस ने तत्काल रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी को बस से सुरक्षित बाहर निकाला।

पुलिस के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 9:40 बजे बस संख्या यूपी 83 एटी 8300 फिरोजाबाद से लक्ष्मणझूला क्षेत्र में स्नान और भ्रमण के लिए आ रही थी। बस में पंडित तिलक भानु सीनियर सेकेंडरी स्कूल, फिरोजाबाद के छात्र-छात्राओं और शिक्षकों समेत कुल 30 लोग सवार थे। पीडब्ल्यूडी तिराहे पर अचानक ब्रेक फेल होने से चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख पाया और बस सड़क किनारे दीवार से जा टकराई।

हादसे में चालक जयप्रकाश निवासी ग्राम गढ़ी पुरानी, थाना नारखी, जनपद फिरोजाबाद, हेल्पर अवधेश और विद्यालय की प्रधानाचार्य रजनी सारस्वत को हल्की चोटें आईं। पुलिस ने तीनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया। वहीं, अन्य बच्चों और शिक्षकों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया।

हादसे के बाद पुलिस ने मानवीय संवेदनशीलता दिखाते हुए सभी स्कूली बच्चों के ठहरने की व्यवस्था मधुबन आश्रम में कराई। बच्चों के लिए रिफ्रेशमेंट का भी इंतजाम किया गया, ताकि उन्हें दुर्घटना के बाद किसी तरह की परेशानी न हो। पुलिस विद्यालय के शिक्षकों और अन्य संबंधित लोगों के संपर्क में रहकर बच्चों की सुरक्षा एवं देखभाल सुनिश्चित कर रही है।

इस मामले में एक महत्वपूर्ण तथ्य यह भी सामने आया है कि उक्त बस में निर्धारित क्षमता से अधिक सवारियां बैठी थीं। इससे पहले एआरटीओ रश्मि पंत ने कार्रवाई करते हुए बस से 21 अतिरिक्त सवारियों को उतरवाया था। ओवरलोडिंग के चलते बस का चालान भी किया गया था।

पीडब्ल्यूडी तिराहे पर सड़क की अत्यधिक ढलान को भी दुर्घटनाओं का एक प्रमुख कारण माना जा रहा है। इस स्थान पर पूर्व में भी सड़क हादसे हो चुके हैं। पुलिस के अनुसार, समस्या को देखते हुए संबंधित विभाग को सड़क दुरुस्त कराने के लिए पहले ही पत्राचार किया जा चुका है। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के संबंध में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई और जांच में जुटी है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *