बंदर को बचाने के प्रयास में पलटा बैटरी ऑटो, चालक की मौत, परिवार में मचा कोहराम,


ऋषिकेश, 14 नवंबर।ऋषिकेश-हरिद्वार राष्ट्रीय राजमार्ग पर साईं घाट के सामने शनिवार सुबह बंदर को बचाने के प्रयास में एक बैटरी संचालित ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ऑटो चालक की वाहन के नीचे दबने से मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। वहीं, हादसे ने मृतक के परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। मृतक अपने पीछे दो छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं।
पुलिस के अनुसार, श्यामपुर के दिल्ली फार्म निवासी विजय पंत (40) पुत्र भगवती पंत शनिवार सुबह नेपाली फार्म तिराहे से सवारी लेकर ऋषिकेश पहुंचे थे। इसके बाद वह त्रिवेणी घाट चौराहे से सवारी लेकर श्यामपुर लौट रहे थे। इसी दौरान साईं घाट के सामने अचानक एक बंदर उनके ऑटो के सामने आ गया। बंदर को बचाने के प्रयास में ऑटो चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और ऑटो सड़क पर पलट गया। इस दौरान विजय पंत ऑटो के नीचे दब गए। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ऑटो के नीचे दबे चालक को बाहर निकाला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एम्स ऋषिकेश भेज दिया।
विजय पंत परिवार की आजीविका चलाने के लिए अपना बैटरी ऑटो चलाते थे। उनके परिवार में एक साल की बेटी और करीब चार साल का बेटा है। पिता की असमय मौत से दोनों मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया। घटना की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस पिता के सहारे परिवार का जीवन चल रहा था, उसके अचानक चले जाने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
इस दुर्घटना ने ऋषिकेश-हरिद्वार हाईवे पर बंदरों की लगातार आवाजाही से पैदा हो रहे खतरे को एक बार फिर उजागर कर दिया है। हाईवे पर अचानक बंदरों के सड़क पर आ जाने से वाहन चालकों को कई बार संभलने का मौका तक नहीं मिलता। ऐसे में दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। स्थानीय स्तर पर सवाल उठ रहे हैं कि आखिर जिम्मेदार विभाग इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए कब ठोस कदम उठाएंगे। हाईवे पर वन्यजीवों की आवाजाही को लेकर चेतावनी संकेतक, सुरक्षा इंतजाम और प्रभावी नियंत्रण की व्यवस्था कब की जाएगी, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *