जय साईं राम के जयकारों से गूंज उठी तीर्थनगरी,  श्री शिरडी साईं धाम का 26वां वार्षिक दो दिवसीय साईं महोत्सव धूमधाम से संपन्न,  भजन संध्या में झूमे श्रद्धालु


ऋषिकेश, 28 नवंबर। तीर्थनगरी ऋषिकेश में श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। श्री शिरडी साईं धाम ऋषिकेश की ओर से आयोजित 26वां वार्षिक दो दिवसीय साईं महोत्सव धार्मिक उत्साह और हर्षोल्लास के साथ संपन्न हो गया।
 27 और 28 नवंबर को आयोजित इस महोत्सव में साईं बाबा के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। महोत्सव के दौरान आयोजित साईं बाबा की भव्य पालकी यात्रा से लेकर संगीतमय साईं संध्या तक श्रद्धालु भक्ति के रंग में सराबोर नजर आए।
महोत्सव के प्रथम दिवस साईं बाबा की भव्य पालकी यात्रा निकाली गई। साईं बाबा की पालकी के नगर भ्रमण के दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। विभिन्न स्थानों पर साईं भक्तों ने पालकी की पूजा-अर्चना कर बाबा का आशीर्वाद प्राप्त किया। पालकी यात्रा में शामिल श्रद्धालु साईं बाबा के जयकारे लगाते हुए भक्ति भाव से आगे बढ़ते रहे। पूरे नगर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।
महोत्सव के दूसरे दिन शनिवार को भव्य साईं संध्या का आयोजन किया गया। इसमें देहरादून और दिल्ली से पहुंचे प्रसिद्ध भजन गायक अंजलि थापा एवं उनकी टीम तथा साजन शर्मा सूफी एंड पार्टी ने एक से बढ़कर एक साईं भजनों की प्रस्तुतियां देकर समां बांध दिया। साईं बाबा की महिमा का गुणगान करते मधुर भजनों ने उपस्थित श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
 भजनों की मधुर धुनों पर श्रद्धालु देर तक झूमते और नृत्य करते नजर आए। पूरा परिसर साईं भजनों और बाबा के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने भजन संध्या का आनंद लेते हुए साईं बाबा के प्रति अपनी अटूट आस्था और भक्ति प्रकट की। 
इस अवसर पर श्री शिरडी साईं धाम ऋषिकेश के अध्यक्ष अशोक थापा ने कहा कि संस्था की ओर से प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी 26वें वार्षिक साईं महोत्सव का आयोजन पूरी श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ किया गया। पिछले 25 वर्षों से चली आ रही धार्मिक परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी दो दिवसीय महोत्सव को भव्य स्वरूप दिया गया। उन्होंने कहा कि महोत्सव का उद्देश्य साईं बाबा के संदेशों, उनकी शिक्षाओं और मानव सेवा की भावना को जन-जन तक पहुंचाना है।
उन्होंने बताया कि दो दिवसीय आयोजन के दौरान साईं बाबा की विधिवत पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन, पालकी यात्रा और विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन आयोजनों में बड़ी संख्या में साईं भक्तों ने सहभागिता कर बाबा के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की। उन्होंने महोत्सव में सहयोग देने वाले सभी श्रद्धालुओं, पदाधिकारियों, भजन गायकों और आयोजन से जुड़े लोगों का आभार व्यक्त किया।
महोत्सव के आयोजकों ने साईं भक्तों एवं नगर के गणमान्य लोगों से आयोजन में सहभागिता करने पर आभार जताते हुए कहा कि श्रद्धालुओं के सहयोग और समर्पण से ही इस धार्मिक आयोजन को भव्यता प्रदान हुई है। दो दिवसीय महोत्सव के समापन पर श्रद्धालुओं ने साईं बाबा से नगर एवं क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।
इस अवसर पर श्री शिरडी साईं धाम समिति के समस्त पदाधिकारी, सदस्य, साईं भक्त एवं नगर के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *