26 नवंबर को राजभवन का घेराव करेगी कांग्रेस, ऋषिकेश से 200 कार्यकर्ता करेंगे कूच पूर्व कैबिनेट मंत्री शूरवीर सिंह सजवान ने ऋषिकेश विधानसभा से जताई दावेदारी,  भाजपा सरकार पर लगाए भ्रष्टाचार और जनहित की अनदेखी के आरोप


ऋषिकेश 25 नवंबर।  उत्तराखंड में भाजपा सरकार के खिलाफ कांग्रेस 26 नवंबर को देहरादून में राजभवन का घेराव करेगी। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर सुबह 10 बजे देहरादून से राजभवन तक पैदल मार्च निकाला जाएगा। इसमें ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र से करीब 200 कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल होकर देहरादून कूच करेंगे।
बुधवार को देहरादून रोड स्थित एक होटल में आयोजित पत्रकार वार्ता में पूर्व कैबिनेट मंत्री शूरवीर सिंह सजवान ने प्रदेश के विभिन्न ज्वलंत जनहित के मुद्दों को उठाते हुए भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद से जनता को झूठे वादों और प्रलोभनों के जरिए गुमराह किया जा रहा है। उत्तराखंड में भी भाजपा सरकार जनहित के मुद्दों पर विफल साबित हुई है।
सजवान ने अंकिता भंडारी हत्याकांड का मुद्दा उठाते हुए कहा कि मामले में न्याय सुनिश्चित किया जाना चाहिए और दोषियों को किसी भी सूरत में संरक्षण नहीं मिलना चाहिए। उन्होंने यूकेएसएसएससी पेपर लीक और पटवारी-लेखपाल भर्ती घोटाले का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि भर्ती प्रक्रियाओं में युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया गया है। उन्होंने इन मामलों की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
उन्होंने बापूग्राम, शिवाजी नगर और अमितग्राम क्षेत्र के निवासियों के भूमि एवं आवासीय अधिकारों का स्थायी समाधान करने की मांग भी उठाई। ऋषिकेश विधायक प्रेमचंद अग्रवाल पर भ्रष्टाचार के आरोपों का जिक्र करते हुए उन्होंने जांच की मांग की। साथ ही सरकारी जमीनों और ऐतिहासिक संपत्तियों को निजी हाथों में सौंपने के मामलों पर भी सवाल उठाए।
सजवान ने भाजपा सरकार में मंत्री गणेश जोशी पर आय से अधिक संपत्ति के आरोपों की जांच कराने तथा मंत्री रेखा आर्य से जुड़े 210 करोड़ रुपये के कथित भ्रष्टाचार के आरोपों की निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बेरोजगारी, पलायन, महिला सुरक्षा और महंगाई जैसे गंभीर मुद्दों पर सरकार प्रभावी कदम उठाने में नाकाम रही है। महिला सुरक्षा को लेकर भी उन्होंने सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए।
उन्होंने ऋषिकेश के गुमानीवाला में प्रस्तावित कूड़ा घर का विरोध करते हुए स्थानीय जनता की समस्याओं की अनदेखी का आरोप लगाया। इस मुद्दे पर उन्होंने भाजपा विधायक और नगर निगम महापौर को भी घेरा।
पत्रकार वार्ता के दौरान शूरवीर सिंह सजवान ने आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर ऋषिकेश विधानसभा सीट से अपनी दावेदारी भी जताई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के मुद्दों को लेकर संघर्ष कर रही है और 26 नवंबर का राजभवन घेराव इसी संघर्ष का हिस्सा है।
इस अवसर पर विजय सारस्वत, विनय सारस्वत, राजपाल खरोला, अंशुल त्यागी, ललित मोहन मिश्रा, मदन मोहन शर्मा, अभिनव मलिक, मनोज गोसाईं सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *