



ऋषिकेश 23 नवंबर । नगर निगम ऋषिकेश के निर्माणाधीन बहुमंजिला कार्यालय भवन और बहुमंजिला पार्किंग का सोमवार को महापौर शम्भू पासवान ने स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों व कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों से परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने अधिकारियों को दोनों महत्वपूर्ण परियोजनाओं के शेष निर्माण कार्यों में तेजी लाने और इन्हें जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर निर्माण कार्य पूरा कराया जाए, ताकि शहरवासियों को इन परियोजनाओं का लाभ मिल सके।
महापौर शम्भू पासवान ने कहा कि नगर निगम के नए कार्यालय भवन के तैयार होने से निगम की प्रशासनिक व्यवस्थाएं अधिक व्यवस्थित और सुदृढ़ होंगी। वहीं, बहुमंजिला पार्किंग शहर की बिगड़ती यातायात व्यवस्था को सुधारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। पार्किंग सुविधा विकसित होने से सड़क किनारे बेतरतीब तरीके से खड़े होने वाले वाहनों की समस्या कम होगी और आमजन को जाम से राहत मिलने में मदद मिलेगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी के साथ गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। महापौर ने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और गुणवत्ता से समझौता करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने नियमित रूप से निर्माण कार्यों की निगरानी करने और सभी कार्य तकनीकी मानकों के अनुरूप पूर्ण कराने को कहा।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त विजय नाथ शुक्ल, अधिशासी अभियंता अनिल नेगी, विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता अमित सक्सेना, उपखंड अधिकारी रुपेश चंद्र, जल संस्थान के सहायक अभियंता नीरज त्रिपाठी सहित संबंधित ठेकेदार और नगर निगम के कर्मचारी मौजूद रहे।














Leave a Reply