



मंगलौर 25 नवंबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को हरिद्वार जनपद के मंगलौर में आयोजित जन आशीर्वाद रैली को संबोधित करते हुए क्षेत्र के विकास के लिए छह महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इनमें लिब्बरहेड़ी में कन्या डिग्री कॉलेज का नवनिर्माण, गंगनहर पर वर्षों से बंद पड़े पुल का निर्माण, नारसन खुर्द में नाले की सफाई और पक्के नाले का निर्माण सहित विभिन्न सड़क एवं तटबंध निर्माण कार्य शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने किसानों को राहत देने के मुद्दे पर भी सकारात्मक रुख दिखाते हुए कहा कि इस वर्ष गन्ना मूल्य में वृद्धि को लेकर शीघ्र निर्णय लिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने लिब्बरहेड़ी में कन्या डिग्री कॉलेज के नवनिर्माण, नारसन खुर्द में नाले की सफाई एवं पक्के नाले के निर्माण, लिब्बरहेड़ी में गंगनहर पर लंबे समय से बंद पड़े पुल के निर्माण, मंगलौर से गुरुकुल बाईपास की ओर जाने वाली सराय राजवाहे की पटरी के निर्माण, टिकौला कलां में ग्राम सुथराड़ा की ओर जाने वाले सिलाखाला पर तटबंध निर्माण तथा ग्राम ब्रह्मपुर जट में मदन के मकान से योगेंद्र के मकान तक सड़क निर्माण की घोषणा की। वहीं, ट्यूबवेल के विद्युत बिल माफ करने की मांग पर उन्होंने कहा कि इस विषय का परीक्षण कराया जाएगा।
गन्ना मूल्य में वृद्धि की मांग पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रत्येक वर्ष किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए गन्ना मूल्य बढ़ाने का प्रयास करती रही है। पिछले वर्ष भी गन्ना मूल्य में वृद्धि की गई थी और इस वर्ष भी जल्द निर्णय लिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से प्रदेश में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। मंगलौर क्षेत्र के किसान, व्यापारी, श्रमिक और छोटे उद्यमी क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान कर रहे हैं। क्षेत्र में स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास के लिए कई कार्य किए गए हैं। नारसन के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट स्थापित की गई है, जबकि लिब्बरहेड़ी की आंतरिक सड़कों के निर्माण के लिए एक करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि स्वीकृत की गई है।
उन्होंने बताया कि मंगलौर विधानसभा क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत एक हजार से अधिक लोगों को आवास उपलब्ध कराए गए हैं। स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत 21 हजार से अधिक घरों में शौचालयों का निर्माण कराया गया है। वहीं, 32 हजार से अधिक लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए हैं। जल जीवन मिशन के तहत 58 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से 27 पेयजल पंपिंग योजनाओं को स्वीकृति दी गई है।
किसानों के हित में सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में किसानों को तीन लाख रुपये तक का ब्याजमुक्त कृषि ऋण दिया जा रहा है। नहरों से सिंचाई की सुविधा निशुल्क की गई है तथा फार्म मशीनरी बैंक योजना के तहत कृषि उपकरणों की खरीद पर 80 प्रतिशत तक अनुदान दिया जा रहा है। किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ भी उपलब्ध कराया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के योगदान और उनकी स्मृतियों को संजोने के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं। प्रतिवर्ष 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाने का निर्णय लिया गया है तथा बाबा साहेब के जीवन से जुड़े पांच महत्वपूर्ण स्थलों को पंचतीर्थ के रूप में विकसित किया गया है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में सुशासन, कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने और युवाओं का भविष्य सुरक्षित करने के लिए समान नागरिक संहिता, सख्त नकल विरोधी कानून और दंगा रोधी कानून लागू किए गए हैं। युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना, किसानों की आय बढ़ाना और मातृशक्ति का सशक्तिकरण सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के संकल्प के साथ सरकार निरंतर कार्य कर रही है।
रैली में कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, राज्यसभा सांसद कल्पना सैनी, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, कार्यक्रम संयोजक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री करतार सिंह भड़ाना, भाजपा जिलाध्यक्ष मधु सिंह, रुड़की नगर निगम की महापौर अनीता अग्रवाल, पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, समालखा विधायक मनमोहन भड़ाना, श्यामवीर सैनी, शोभाराम प्रजापति, आदेश सैनी, चौधरी अजीत सिंह, किसान आयोग के अध्यक्ष राजेन्द्र सिंह, पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन, ब्लॉक प्रमुख कविन्द्र चौधरी, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर और सीडीओ डॉ. ललित नारायण मिश्र सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।














Leave a Reply