Advertisement

तीर्थ नगरी ऋषिकेश में जुटेंगे देशभर के महापौर  ‘ऑल इंडिया काउंसिल ऑफ मेयर्स’ की 117वीं बैठक का मुख्यमंत्री करेंगे उद्घाटन


ऋषिकेश 01 जून। तीर्थ नगरी ऋषिकेश में आगामी 03 जून और 04 जून 2026 को ‘ऑल इंडिया काउंसिल ऑफ मेयर्स’ की ऐतिहासिक 117वीं बैठक का आयोजन होने जा रहा है । नगर निगम ऋषिकेश की मेजबानी में आयोजित होने वाले इस दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन में देश भर के विभिन्न राज्यों से नगर निगमों के लगभग 50 से ज्यादा महापौर प्रतिभाग करेंगे ।

सोमवार को आईएसबीटी स्थित नगर निगम में नगर महापौर शंभू पसवान नेआयोजित प्रेस वार्ता में पत्रकारों को सबोधित करते हुए बताया कि दो दिवसीय सम्मेलन का शुभारंभ बुधवार, दिनांक 03 जून 2026 को होटल नटराज, ऋषिकेश में प्रातः 10:00 बजे उद्घाटन सत्र के साथ होगा । उद्घाटन सत्र के मुख्य अतिथि उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी  होंगे । इस अवसर पर अति विशिष्ट अतिथियों के रूप में उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री  सुबोध उनियाल ,  राम सिंह कैड़ा , राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट और क्षेत्रीय विधायक  प्रेमचंद अग्रवाल  उपस्थित रहेंगे। 

​उन्होंने बताया कि पहले दिन के सत्र के समापन के पश्चात, सायं 5:30 बजे से त्रिवेणी घाट परिसर में भव्य गंगा आरती का आयोजन किया जाएगा । इसके उपरांत सायं 7:00 बजे से सांस्कृतिक संध्या का आयोजन होगा, जिसमें उत्तराखंड के सुप्रसिद्ध लोक कलाकार और जागर सम्राट  प्रीतम भरतवाण अपनी मनमोहक प्रस्तुति देंगे । इस सांस्कृतिक संध्या के मुख्य अतिथि उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री  प्रदीप बत्रा और अति विशिष्ट अतिथि हरिद्वार लोकसभा क्षेत्र के माननीय सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत होंगे ।

​सम्मेलन के दूसरे दिन, गुरुवार 04 जून 2026 को होटल नटराज में प्रातः 10:00 बजे से समापन सत्र एवं दोपहर 12:00 बजे से अतिथि सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा । समापन सत्र के मुख्य अतिथि उत्तराखंड सरकार के माननीय कैबिनेट मंत्री  मदन कौशिक होंगे । इसके पश्चात सायं 7:00 बजे से त्रिवेणी घाट परिसर में डॉ० राकेश भट्ट एवं शारदा स्वर संगम मंच द्वारा तैयार गढ़वाली नाटक ‘द्रुपदा की लाज’ का मंचन किया जाएगा ।

​नगर निगम ऋषिकेश के महापौर  शम्भू पासवान ने बताया कि इस बैठक में शहरी विकास, स्थानीय निकायों के सुदृढ़ीकरण और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने हेतु विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी ।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *