धामी सरकार का बड़ा फैसला: स्वास्थ्य, उच्च शिक्षा और सड़क विकास के लिए करोड़ों रुपये मंजूर आकस्मिकता निधि से स्वास्थ्य विभाग को 13.48 करोड़, अशासकीय महाविद्यालयों के वेतन के लिए 77.69 करोड़ स्वीकृत


देहरादून 13 अक्टूबर । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण, उच्च शिक्षा व्यवस्था, सड़क निर्माण, पर्यटन सुविधाओं और बाढ़ सुरक्षा से जुड़े विभिन्न कार्यों के लिए करोड़ों रुपये की धनराशि स्वीकृत करने को अनुमोदन प्रदान किया है। इन फैसलों के तहत स्वास्थ्य विभाग को राज्य आकस्मिकता निधि से 13.48 करोड़ रुपये, 21 अशासकीय महाविद्यालयों में कार्मिकों के वेतन आदि के भुगतान के लिए 77.69 करोड़ रुपये तथा केंद्रीय सड़क अवसंरचना निधि के अंतर्गत स्वीकृत नौ कार्यों के लिए पहली किश्त के रूप में 115.36 करोड़ रुपये जारी करने की मंजूरी दी गई है।
स्वास्थ्य सेवाओं के लिए 13.48 करोड़ रुपये
मुख्यमंत्री ने इंफ्रास्ट्रक्चर मेंटिनेंस तथा प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन-1.0 के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2026-27 में चिकित्सा एवं लोक स्वास्थ्य मद में नया लेखाशीर्षक खोलने की अनुमति के साथ केंद्रांश के सापेक्ष राज्यांश के रूप में कुल 13.48 करोड़ रुपये राज्य आकस्मिकता निधि से स्वीकृत किए जाने का अनुमोदन दिया है। इससे संबंधित योजनाओं के लिए आवश्यक राज्यांश की व्यवस्था की जा सकेगी।
21 अशासकीय महाविद्यालयों को 77.69 करोड़
उच्च शिक्षा विभाग के अंतर्गत प्रदेश के 21 अशासकीय महाविद्यालयों में कार्यरत कार्मिकों के वेतन आदि के भुगतान के लिए भी धनराशि स्वीकृत की गई है। चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 में इसके लिए कुल 155.38 करोड़ रुपये के सापेक्ष अवशेष 77.69 करोड़ रुपये की स्वीकृति को मुख्यमंत्री ने अनुमोदन प्रदान किया है।
मंदिरों, सड़कों और पर्यटन सुविधाओं को मिलेगी मजबूती
मुख्यमंत्री ने विभिन्न जनपदों में विकास कार्यों के लिए भी धनराशि स्वीकृत करने को मंजूरी दी है। पिथौरागढ़ जनपद के धारचूला विधानसभा क्षेत्र की ग्रामसभा दर में आंतरिक संपर्क मार्ग के निर्माण के लिए 93.08 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं, पिथौरागढ़ विधानसभा क्षेत्र में भूमिया मंदिर गैंठन से काल्सिन मंदिर एवं खूनी गांव तक सड़क निर्माण के प्रथम चरण के लिए 92.32 लाख रुपये की धनराशि मंजूर की गई है।
ऊधमसिंह नगर जनपद के खटीमा विधानसभा क्षेत्र स्थित शिव मंदिर अंजनिया में सौंदर्यीकरण, सुरक्षा एवं बाउंड्रीवाल निर्माण के लिए 10 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
पर्यटन सुविधाओं के विकास के तहत बागेश्वर जनपद के कपकोट विधानसभा क्षेत्र में बागेश्वर-पिंडारी ग्लेशियर ट्रैक रूट पर स्थित पर्यटक आवास गृह फुरकिया के मरम्मत एवं सुधारीकरण कार्य के लिए 4.44 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है।
इसके अतिरिक्त पौड़ी गढ़वाल जनपद के द्वाराखाल/एकेश्वर विकासखंड के अंतर्गत सतपुली बैराज के निर्माण की पुनरीक्षित लागत में शामिल स्लोप प्रोटेक्शन कार्यों के लिए 4.89 करोड़ रुपये स्वीकृत किए जाने का अनुमोदन प्रदान किया गया है।
शारदा नदी के फ्लड प्लेन जोनिंग के लिए 47.31 लाख
बाढ़ के संभावित प्रभावों को ध्यान में रखते हुए नदी क्षेत्रों के नियोजित प्रबंधन की दिशा में राज्य सेक्टर की फ्लड प्लेन जोनिंग योजना के अंतर्गत शारदा (काली) नदी में फ्लड प्लेन जोनिंग के लिए कंसल्टेंसी कार्य हेतु 47.31 लाख रुपये के अनुमोदन को भी मंजूरी दी गई है।
नौ सड़क परियोजनाओं के लिए 288.41 करोड़ मंजूर
सड़क अवसंरचना को मजबूत करने के लिए केंद्रीय सड़क अवसंरचना निधि (सीआरआईएफ) योजना के अंतर्गत स्वीकृत नौ कार्यों के लिए कुल 288.41 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। इन कार्यों के लिए प्रथम किश्त के रूप में 115.36 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत किए जाने का अनुमोदन भी दिया गया है।
मुख्यमंत्री के इन निर्णयों से स्वास्थ्य सेवाओं, उच्च शिक्षा संस्थानों, ग्रामीण संपर्क मार्गों, धार्मिक स्थलों, पर्यटन सुविधाओं, बाढ़ प्रबंधन और सड़क अवसंरचना से जुड़े कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *