

देहरादून 25 अक्टूबर। देहरादून के समर वैली स्कूल में नाबालिग छात्राओं के साथ शिक्षक द्वारा कथित छेड़छाड़ और दुर्व्यवहार के मामले में उत्तराखंड राज्य महिला आयोग ने सख्त रुख अपनाया है। आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने प्रकरण का स्वतः संज्ञान लेते हुए पुलिस अधीक्षक जया बलूनी से फोन पर वार्ता की और आरोपी शिक्षक की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस के अनुसार, आरोपी शिक्षक के खिलाफ पॉक्सो अधिनियम समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले में कार्रवाई की जा रही है।
महिला आयोग अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने कहा कि शिक्षा के मंदिर में छात्राओं के साथ इस तरह का अशोभनीय व्यवहार अत्यंत निंदनीय और अक्षम्य है। बालिकाओं की सुरक्षा और गरिमा से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाना चाहिए। उन्होंने पुलिस को मामले में त्वरित कार्रवाई करने और किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।
कुसुम कंडवाल ने इस बात पर चिंता जताई कि छात्राओं के साथ कथित रूप से लंबे समय से हो रहे अनुचित व्यवहार की जानकारी विद्यालय स्तर पर पहले क्यों नहीं सामने आई। उन्होंने कहा कि मामले को दबाने, आरोपी शिक्षक का बचाव करने और छात्राओं पर शिकायत वापस लेने का दबाव बनाने संबंधी आरोप गंभीर हैं। इन आरोपों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि विद्यालय प्रबंधन, प्रधानाचार्य और आंतरिक शिकायत समिति (आईसीसी) की भूमिका की भी जांच कराई जाएगी। यदि किसी स्तर पर लापरवाही या संलिप्तता सामने आती है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
महिला आयोग अध्यक्ष ने बताया कि वह स्वयं विद्यालय का दौरा कर पूरे प्रकरण की समीक्षा करेंगी। साथ ही प्रभावित छात्राओं को मानसिक संबल देने और उन्हें भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराने के लिए विशेषज्ञों के माध्यम से विशेष काउंसलिंग कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि छात्राओं की सुरक्षा, मानसिक स्वास्थ्य और गरिमा सर्वोच्च प्राथमिकता है, ताकि वे बिना किसी दबाव के अपनी पढ़ाई जारी रख सकें।
कुसुम कंडवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान तथा न्याय के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि बालिकाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों पर जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्रवाई की जा रही है। महिला आयोग पीड़ित छात्राओं के साथ खड़ा है और मामले में दोषियों के विरुद्ध कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित कराने के लिए प्रयासरत रहेगा।














Leave a Reply