होली पर गंगा में बहा युवक, SDRF टीम ने दिखाई तत्परता — सीपीआर देकर बचाई जान


ऋषिकेश , 04 मार्च । होली पर्व के अवसर पर गंगा घाटों पर उमड़ी भारी भीड़ के बीच एक बड़ा हादसा टल गया। एसडीआरएफ ढालवाला टीम ने सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई करते हुए गंगा की तेज धारा में बह रहे एक युवक को सुरक्षित बाहर निकालकर उसकी जान बचाई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार होली पर्व के दृष्टिगत एसडीआरएफ टीम की ड्यूटी नीम बीच क्षेत्र में लगाई गई थी। टीम द्वारा ओबीएम मोटर बोट के माध्यम से नीम बीच से लक्ष्मण झूला तक निरंतर गश्त की जा रही थी। गंगा घाटों के समीप स्नान कर रहे श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को जलस्तर और धारा की तीव्रता को देखते हुए सतर्क रहने की लगातार चेतावनी दी जा रही थी। लाउड हेलर के माध्यम से लोगों से नदी के भीतर अधिक गहराई में न जाने की अपील भी की जा रही थी।
इसी दौरान मोटर बोट गश्त के समय टीम को गंगा नदी की बीच धारा में एक युवक बहता हुआ दिखाई दिया। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए साहसिक तरीके से युवक तक पहुंच बनाई और उसे सुरक्षित नदी से बाहर निकाला। रेस्क्यू के बाद युवक की हालत गंभीर पाई गई और वह बेहोशी की अवस्था में था। एसडीआरएफ कर्मियों ने मौके पर ही उसे सीपीआर प्रदान किया।
तत्पश्चात जिला पुलिस के सहयोग से 108 एंबुलेंस सेवा के माध्यम से युवक को उपचार हेतु अस्पताल भेजा गया। बताया जा रहा है कि युवक ब्रह्मपुरी क्षेत्र में स्नान करते समय पैर फिसलने के कारण गंगा की तेज धारा में बह गया था।
युवक की पहचान अक्षय कुमार (उम्र लगभग 20 वर्ष) पुत्र श्री धर्मपाल, निवासी ग्राम वल्वागढ़, थाना वल्वागढ़, जनपद फरीदाबाद, हरियाणा के रूप में हुई है।
होली पर्व के दौरान एसडीआरएफ टीम द्वारा आमजन से अपील की गई है कि गंगा में स्नान करते समय विशेष सावधानी बरतें, तेज धारा एवं गहराई का अंदाजा लगाकर ही पानी में उतरें तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, जिससे किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *