ऋषिकेश, 8 मार्च।गंगा तट स्थित परमार्थ निकेतन में आयोजित होने वाले अंतर्राष्ट्रीय योग महोत्सव 2026 के लिए आश्रम परिवार पूरी तरह तैयार है। महोत्सव में इस वर्ष दुनिया के लगभग 80 से अधिक देशों से 1200 से अधिक योग साधक, योगाचार्य और आध्यात्मिक जिज्ञासु भाग लेंगे।
महोत्सव का विधिवत उद्घाटन 9 मार्च 2026 को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा किया जाएगा, जबकि 14 मार्च को राज्यपाल गुरमीत सिंह की गरिमामयी उपस्थिति प्रस्तावित है। इसके अलावा 30 से अधिक देशों के राष्ट्राध्यक्षों, उच्चायुक्तों और राजदूतों के भी कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना है।
रविवार को आयोजित प्रेस वार्ता में स्वामी चिदानन्द सरस्वती ने बताया कि यह महोत्सव योग की सनातन परंपरा को वैश्विक स्तर पर फैलाने का महत्वपूर्ण मंच बन चुका है। उन्होंने कहा कि आज विश्व संघर्ष और विभाजन से जूझ रहा है, ऐसे समय में योग ही मानवता को शांति, करुणा और एकता का संदेश देता है।
महोत्सव में 150 से अधिक योग विधाओं के सत्र आयोजित होंगे, जिनमें कुंडलिनी योग, हठ योग, योग निद्रा, प्राणायाम, ध्यान, आयुर्वेद, ध्वनि चिकित्सा और भारतीय शास्त्रीय कला से जुड़े विविध कार्यक्रम शामिल रहेंगे। विश्वप्रसिद्ध योगाचार्य जैसे शिवा रिया, आनंद मेहरोत्रा, किया मिलर, डॉ. एच.आर. नागेंद्र सहित कई अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञ योग सत्रों का संचालन करेंगे।
संध्याकालीन सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्रसिद्ध गायक कैलाश खेर अपने कैलासा बैंड के साथ प्रस्तुति देंगे। इसके अलावा ड्रम्स वादक शिवमणि, गायिका रूना रिज़वी और भक्ति कलाकार राधिका दास एंड फ्रेंड्स की विशेष प्रस्तुतियाँ भी होंगी।
महोत्सव की पूर्व संध्या पर अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर गंगा तट पर विशेष गंगा आरती आयोजित की गई, जिसमें विश्व शांति, एकता और समरसता के लिए सामूहिक प्रार्थना की गई। कार्यक्रम में “विमेन इन रिदमरू योगा – ड्रमिंग फॉर वेलबीइंग” विशेष सत्र का आयोजन भी किया गया।
इंटरनेशनल योगा फेस्टिवल की निदेशक साध्वी भगवती सरस्वती ने कहा कि हिमालय और माँ गंगा की दिव्य ऊर्जा से जुड़ा यह महोत्सव दुनिया भर के लोगों को आध्यात्मिक अनुभव और आत्मिक परिवर्तन का अवसर प्रदान करता है।
एक सप्ताह तक चलने वाले इस महोत्सव में योग, ध्यान, आध्यात्मिक प्रवचन, सांस्कृतिक कार्यक्रम और गंगा आरती के माध्यम से प्रतिभागियों को भारत की समृद्ध आध्यात्मिक विरासत से रूबरू कराया जाएगा। साथ ही युवाओं और बच्चों के लिए भी विशेष योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।











Leave a Reply