ऋषिकेश, 12 अप्रैल।जनपद टिहरी गढ़वाल के नीरगट्टू (नीर गुड्डू) वॉटरफॉल क्षेत्र में शनिवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया, जहां घूमने आए एक युवक का पैर फिसलने से वह करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ टीम ने तत्परता दिखाते हुए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर युवक को सुरक्षित बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शाम 18:56 बजे सूचना मिली कि नीरगट्टू वॉटरफॉल क्षेत्र में एक व्यक्ति खाई में गिर गया है। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ पोस्ट ढालवाला से उपनिरीक्षक नरेंद्र राणा के नेतृत्व में टीम 18:58 बजे आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
घटनास्थल पर पहुंचने के बाद पता चला कि दिल्ली से 10 लोगों का एक समूह घूमने के लिए नीरगट्टू वॉटरफॉल आया हुआ था। वापसी के दौरान यह समूह क्यार्की गांव के पास स्थित सनसाइड व्यू पॉइंट पर रुका। इसी दौरान समूह का एक सदस्य प्रेम कुमार ठाकुर (20 वर्ष), पुत्र अशोक कुमार ठाकुर, निवासी नई दिल्ली, पैराफिट पर बैठा हुआ था, तभी अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह गहरी खाई में गिर गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ टीम ने बिना समय गंवाए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। टीम ने रोप और अन्य आधुनिक उपकरणों की मदद से खतरनाक ढलान में उतरकर घायल युवक तक पहुंच बनाई और उसे सुरक्षित बाहर निकाला।
रेस्क्यू के बाद घायल युवक को तत्काल 108 एंबुलेंस सेवा के जरिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया, जहां उसका उपचार जारी है।
इस घटना ने एक बार फिर पर्यटक स्थलों पर सावधानी बरतने की आवश्यकता को उजागर किया है। प्रशासन ने पर्यटकों से अपील की है कि वे खतरनाक स्थानों पर सेल्फी लेने या किनारों पर बैठने से बचें और सुरक्षा नियमों का पालन करें।
नीरगट्टू (नीर गुड्डू) वॉटरफॉल क्षेत्र में बड़ा हादसा: पैर फिसलने से युवक 200 मीटर गहरी खाई में गिरा,












Leave a Reply