Advertisement

दर्दनाक सड़क हादसा: ट्रक से टकराई कार, महिला की मौत; SDRF ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर फंसे लोगों को निकाला बाहर 


ऋषिकेश 21 अप्रैल । कोडियाला क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि अन्य सात लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर पहुंची SDRF टीम ने त्वरित रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर फंसे लोगों को बाहर निकाला।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 08:05 बजे व्यासी चौकी से SDRF को सूचना मिली कि कोडियाला के पास एक वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। सूचना मिलते ही SDRF टीम आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
घटनास्थल पर पहुंचने पर टीम ने पाया कि सरिया से लदा एक भारी ट्रक सड़क किनारे खड़ा था, जिससे एक कार जोरदार तरीके से टकरा गई। कार में चालक समेत कुल 8 लोग सवार थे, जिनमें 5 महिलाएं और 3 पुरुष शामिल थे।
इस दर्दनाक हादसे में 55 वर्षीय धूमा देवी (पत्नी स्वर्गीय दिलवर सिंह) की मौके पर ही मौत हो गई। उनका शव कार के अंदर बुरी तरह फंस गया था। SDRF टीम ने कड़ी मशक्कत करते हुए आरआर सॉ (कटिंग उपकरण) की मदद से वाहन को काटकर शव को बाहर निकाला और आगे की कार्रवाई के लिए सिविल पुलिस को सौंप दिया।
हादसे में घायल अन्य सभी सात लोगों को मामूली चोटें आई हैं, जिन्हें एंबुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
 पुलिस और प्रशासन ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। वहीं, स्थानीय लोगों ने सड़क पर खड़े भारी वाहनों को लेकर सुरक्षा व्यवस्था सख्त करने की मांग की है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *