Advertisement

महापौर शंभू पासवान ने 16 लाख की सीसी सड़क निर्माण कार्य का किया शुभारंभ, क्षेत्रवासियों को मिलेगी बड़ी राहत


ऋषिकेश 1 मई। नगर निगम के महापौर शंभू पासवान ने  वार्ड क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देते हुए 16 लाख रुपये की लागत से बनने वाली सीसी सड़क का विधिवत शुभारंभ किया। यह सड़क स्थानीय पार्षद श्रीमती सिमरन उप्पल के वार्ड में बनाई जाएगी, जिससे क्षेत्र के निवासियों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी।
शुभारंभ कार्यक्रम के दौरान महापौर ने स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति में नारियल फोड़कर निर्माण कार्य की आधारशिला रखी। इस अवसर पर बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे और उन्होंने इस पहल का स्वागत किया।
महापौर श्री शंभू पासवान ने अपने संबोधन में कहा कि नगर निगम शहर के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है और जनता को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि सीसी सड़क के निर्माण से क्षेत्र में जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी, साथ ही धूल-मिट्टी से भी निजात मिलेगी, जिससे लोगों का जीवन स्तर बेहतर होगा।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए और कहा कि कार्य पूरी पारदर्शिता और मजबूती के साथ समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए।
कार्यक्रम के अंत में वार्डवासियों ने महापौर एवं पार्षद का आभार व्यक्त करते हुए इस विकास कार्य के लिए उनका अभिनंदन किया। इस दौरान नगर निगम के अधिकारी, कर्मचारी एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *