दिवाली मेले में दिखा उत्साह का सैलाब, प्रतियोगिताओं में बच्चों ने जीता सबका दिल


ऋषिकेश 1 नवंबर। लायंस क्लब की ओर से आयोजित दिवाली मेले में शहरवासियों का भारी जनसैलाब उमड़ा। मेले में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों और युवाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। मेले का मुख्य आकर्षण मयूर कलेक्शन के सौजन्य से आयोजित फैंसी ड्रेस शो रहा। प्रतियोगिता में रियांश भट्ट ने प्रथम स्थान प्राप्त कर बाजी मारी।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल विशिष्ट अतिथि, कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा अति विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। इसके अलावा उत्तराखंड राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल और ऋषिकेश के महापौर शंभू पासवान भी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि इस प्रकार के मेले हमारी सामाजिक और सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत रखने के साथ ही समाज के लोगों को एक मंच पर जोड़ने का काम करते हैं। बच्चों और युवाओं के लिए आयोजित प्रतियोगिताएं उनकी प्रतिभा निखारने और आत्मविश्वास बढ़ाने का बेहतर माध्यम हैं। उन्होंने लायंस क्लब के प्रयासों की सराहना की।
कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा ने कहा कि ऐसे आयोजन सामाजिक एकता, आपसी भाईचारे और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देते हैं। स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी कला और हुनर प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है।
फैंसी ड्रेस शो में रियांश भट्ट ने प्रथम, अनन्या गुप्ता ने रनरअप और सताक्षी वर्मा ने सेकंड रनरअप का स्थान प्राप्त किया। मेहंदी प्रतियोगिता में काजल प्रथम, कल्पना द्वितीय और महक तृतीय स्थान पर रहीं।
डांस प्रतियोगिता के सीनियर सोलो वर्ग में अक्षय जोशी ने प्रथम, वागिशा गुप्ता ने द्वितीय और रिहाल शर्मा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। जूनियर सोलो वर्ग में मिहिका शर्मा प्रथम, कृषा राजपाल द्वितीय और नायशा तृतीय स्थान पर रहीं। ग्रुप डांस में ममयंक ग्रुप और नटराज ग्रुप की प्रस्तुतियों ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। वहीं हेल्दी बेबी प्रतियोगिता में रेहमत कौर प्रथम, हार्दिक द्वितीय और इशिक तृतीय स्थान पर रहे।
लायंस क्लब के संस्थापक अध्यक्ष ललित मोहन मिश्र ने कहा कि क्लब का उद्देश्य सामाजिक सेवा के साथ समाज में आपसी सद्भाव, प्रतिभाओं को प्रोत्साहन और सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देना है। ऐसे आयोजन बच्चों और युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच प्रदान करते हैं। उन्होंने मेले में शहरवासियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी के लिए सभी अतिथियों, प्रतिभागियों, अभिभावकों और सहयोगियों का आभार जताया।
इस अवसर पर क्लब के अध्यक्ष शिवम अग्रवाल, सचिव अक्षत चौहान, कोषाध्यक्ष कमल नारंग, निदेशक महेश किंगर, जोन चेयरपर्सन विनीत चावला, रीजन चेयरपर्सन विकास, रोहित भाटिया, रजत भोला, विनोद बिष्ट, नवीन गांधी, दिनेश अरोड़ा, हेमंत सुनेजा, कपिल गुप्ता, आशु डंग सहित जयेंद्र रमोला, पूर्व राज्यमंत्री संदीप गुप्ता, दीप शर्मा, ज्योति सजवाण, डॉ. राजे नेगी, देवेंद्र प्रजापति, राजेश अग्रवाल, सुनील गुप्ता, उमा किंगर और सरगम गांधी आदि उपस्थित रहे।
मेले के सफल आयोजन पर अतिथियों और शहरवासियों ने लायंस क्लब के पदाधिकारियों एवं सदस्यों के प्रयासों की सराहना की।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *