Advertisement

कुम्भ मेला-2027 की तैयारियों को रफ्तार: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ₹1252 करोड़ की योजनाओं को दी मंजूरी, ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर परियोजना में त्रिवेणी घाट के पुनरुद्धार के लिए ₹115 करोड़ स्वीकृत


ऋषिकेश देहरादून 1 मई। पुष्कर सिंह धामी ने कुम्भ मेला-2027 की तैयारियों के साथ-साथ राज्य में आधारभूत ढांचे, आपदा प्रबंधन, पेयजल और बाढ़ सुरक्षा को मजबूत करने के उद्देश्य से कुल ₹1252 करोड़ की विभिन्न विकास योजनाओं को मंजूरी दी है। इन निर्णयों से न केवल धार्मिक आयोजन की व्यवस्थाएं सुदृढ़ होंगी, बल्कि प्रदेश में समग्र विकास को भी नई गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने नियोजन विभाग के अंतर्गत स्पेशल असिस्टेंट टू स्टेट फॉर कैपिटल इन्वेस्टमेंट योजना में महत्वपूर्ण परियोजनाओं को हरी झंडी दी है। इसके तहत ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर परियोजना में त्रिवेणी घाट के पुनरुद्धार के लिए ₹115 करोड़ तथा हरिद्वार गंगा कॉरिडोर के अंतर्गत नॉर्थ हर की पैड़ी के विकास के लिए ₹69.06 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं।
जनपद टिहरी गढ़वाल में टिहरी झील के चारों ओर 28.605 किमी लंबे रिंग रोड निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहण और अन्य मदों में ₹56.07 करोड़ की पहली किस्त जारी की गई है। इसके अतिरिक्त वन भूमि हस्तांतरण एवं अन्य विभागीय मदों के लिए भी बजट स्वीकृत किया गया है, जिससे इस महत्वपूर्ण परियोजना को गति मिलेगी।
पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए पिथौरागढ़ के धारचूला क्षेत्र में कैलाश मानसरोवर मार्ग पर एस्ट्रो टूरिज्म को विकसित करने हेतु 8 इग्लू डोम हटों के निर्माण के लिए ₹4.67 करोड़ की मंजूरी दी गई है। यह परियोजना सीमांत क्षेत्रों में रोजगार और पर्यटन संभावनाओं को बढ़ाएगी।
शिक्षा क्षेत्र में भी सरकार ने बड़ा कदम उठाते हुए समग्र शिक्षा अभियान के तहत ₹446 करोड़ तथा उच्च शिक्षा विभाग के अंतर्गत अशासकीय महाविद्यालयों के कर्मचारियों के वेतन भुगतान के लिए ₹77.69 करोड़ की पहली किस्त जारी करने की स्वीकृति दी है।
इसी क्रम में चम्पावत के लोहाघाट में पार्किंग निर्माण, टनकपुर थाना में आवासीय भवनों के निर्माण और देहरादून के रायपुर क्षेत्र में बाढ़ सुरक्षा कार्यों के लिए भी धनराशि जारी की गई है।
विधायक निधि योजना के अंतर्गत राज्य के 70 विधायकों को ₹5 करोड़ प्रति विधायक के हिसाब से कुल ₹350 करोड़ की धनराशि जारी करने का निर्णय लिया गया है, जिससे स्थानीय स्तर पर विकास कार्यों को गति मिलेगी।
स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए शहरी स्वास्थ्य एवं कल्याण केंद्र योजना के तहत ₹56.35 करोड़ की धनराशि राज्य आकस्मिकता निधि से अंतरित करने का निर्णय लिया गया है। वहीं हरिद्वार में पेयजल व्यवस्था सुधारने, पाइपलाइन बिछाने और कुम्भ से जुड़े क्षेत्रों में सड़कों के मरम्मत कार्यों के लिए भी अलग-अलग मदों में बजट स्वीकृत किया गया है।
आपदा प्रबंधन को मजबूत करने के उद्देश्य से राज्य के सभी जनपदों के लिए आपदा न्यूनीकरण निधि के तहत ₹13 करोड़ जारी किए गए हैं, जिससे संभावित प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले नुकसान को कम किया जा सके।
कुल मिलाकर मुख्यमंत्री के इन फैसलों से कुम्भ मेला-2027 की तैयारियों को नई दिशा मिलेगी और राज्य में आधारभूत सुविधाओं के विकास के साथ-साथ आमजन को भी सीधा लाभ मिलेगा।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *