Advertisement

राधा-कृष्ण के रूप में सजे नन्हे-मुन्ने, जन्माष्टमी पर झूम उठा विद्यालय, मनमोहक झांकी और रूप सज्जा ने मोहा मन, बच्चों ने प्रस्तुत की कृष्ण की बाल लीलाएं


ऋषिकेश 3 सितंबर। सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, आदर्श नगर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी एवं कृष्ण जन्मोत्सव हर्षोल्लास, श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय के नन्हे-मुन्ने छात्र-छात्राओं ने राधा-कृष्ण का मनमोहक रूप धारण कर सभी का ध्यान आकर्षित किया।
पारंपरिक और रंग-बिरंगी वेशभूषा में सजे राधा-कृष्ण के स्वरूप में बच्चों ने विद्यालय परिसर में उत्सव का माहौल बना दिया। विद्यार्थियों ने भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं के साथ भारतीय संस्कृति एवं सनातन परंपराओं की सुंदर झलक प्रस्तुत की। बच्चों की प्रस्तुति और मनमोहक वेशभूषा ने अभिभावकों और विद्यालय स्टाफ का मन मोह लिया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य गुरु प्रसाद उनियाल ने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति और गौरवशाली परंपराओं से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। भगवान श्रीकृष्ण के जीवन एवं आदर्शों से बच्चों को कर्तव्य, सत्य, धर्म और कर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा मिलती है।

कार्यक्रम के दौरान राधा-कृष्ण रूप सज्जा प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। निर्णायक मंडल में आरएसएस ऋषिकेश नगर संपर्क प्रमुख सुलोचना थपलियाल, नगर पर्यावरण प्रमुख आशा भंडारी, नगर सह समरसता प्रमुख ज्योति, मुनि की रेती नगर समरसता प्रमुख शिवानी भंडारी तथा नगर पर्यावरण प्रमुख रीना बिष्टवाल शामिल रहीं।
निर्णायकों ने बच्चों की वेशभूषा, प्रस्तुति, भाव-भंगिमा और राधा-कृष्ण के स्वरूप का अवलोकन किया तथा प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम में प्रधानाचार्य गुरु प्रसाद उनियाल सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ और अभिभावक मौजूद रहे। सभी ने बच्चों का उत्साह बढ़ाते हुए कृष्ण जन्मोत्सव की खुशियों में सहभागिता की।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *