

ऋषिकेश 15 अक्टूबर। चारधाम यात्रा पंजीकरण कार्यालय, ट्रांजिट कैंप के पास खुले में पेशाब करने से रोकने पर सुरक्षा गार्ड पर तलवार से जानलेवा हमला करने के आरोपी को ऋषिकेश पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल की गई धारदार तलवार भी बरामद की है। आरोपी के खिलाफ दर्ज मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धारा भी बढ़ाई गई है।
पुलिस के अनुसार, 14 अक्टूबर की रात ट्रांजिट कैंप स्थित चारधाम यात्रा पंजीकरण कार्यालय में सुरक्षा गार्ड के पद पर तैनात अर्जुन गेट नंबर एक के पास ड्यूटी कर रहा था। इसी दौरान पंजाब से यात्रियों को बस संख्या HR45D-1271 से लेकर आए मनदीप सिंह को पार्किंग में खुले में पेशाब करते देख अर्जुन ने इसका विरोध किया। इस बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी और धक्का-मुक्की हो गई। आरोप है कि गुस्से में आकर मनदीप सिंह बस से धारदार तलवार निकाल लाया और अर्जुन के सिर व शरीर पर लगातार वार कर दिए। हमले में अर्जुन गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद मौके पर मौजूद पार्किंग कर्मचारियों ने बीच-बचाव कर घायल अर्जुन को राजकीय चिकित्सालय ऋषिकेश पहुंचाया। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया।
मामले में 15 अक्टूबर को घायल के भाई टीटू, निवासी नई जाटव बस्ती, ऋषिकेश ने कोतवाली में तहरीर दी। इसके आधार पर पुलिस ने आरोपी मनदीप सिंह के खिलाफ संबंधित धराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई तेज की। पुलिस टीम ने नामजद आरोपी मनदीप सिंह पुत्र स्वर्गीय रघुवीर सिंह, निवासी ग्राम अलीपुर, वार्ड नंबर 18, रणजीत सिंह कॉलोनी, सरहिन्द रोड, पटियाला (पंजाब) को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि ट्रांजिट कैंप में खुले में पेशाब करने से रोकने पर उसका अर्जुन से विवाद हुआ था। गुस्से में आकर उसने तलवार से अर्जुन पर हमला कर दिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त तलवार बरामद कर मुकदमे में आर्म्स एक्ट की बढ़ोतरी की है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है।














Leave a Reply