18 माह में पूरा होगा ऋषिकेश नगर निगम का नया भवन और पार्किंग: शंभू पासवान  त्रिवेणी घाट के सौंदर्यीकरण और चंद्रभागा पुल का निर्माण दीपावली के बाद शुरू करने की तैयारी


ऋषिकेश 17 अक्टूबर । नगर निगम ऋषिकेश के निर्माणाधीन नवीन कार्यालय भवन, पार्किंग और शहर में संचालित विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति को लेकर महापौर शम्भू पासवान की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। 
नगर निगम कार्यालय परिसर स्थित महापौर कक्ष में हुई बैठक में विभिन्न विभागों और निर्माण एजेंसियों के अधिकारियों ने कार्यों की अद्यतन स्थिति की जानकारी दी। महापौर ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
महापौर शम्भू पासवान ने कहा कि मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप नगर निगम के नवीन कार्यालय भवन और पार्किंग निर्माण कार्य को 18 माह की निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा किया जाना है। इसमें किसी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने और आपसी समन्वय बनाकर काम करने के निर्देश दिए।
बैठक में नवीन नगर निगम भवन की प्रगति की समीक्षा करते हुए शेष दो छतों का निर्माण शीघ्र पूरा करने को कहा गया। साथ ही भवन के फसाड (बाहरी स्वरूप) की ड्राइंग तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। विद्युत संबंधी कार्यों पर चर्चा के दौरान महापौर ने कहा कि बिजली की लाइनों को भूमिगत करने से पहले संबंधित विभागों को अनिवार्य रूप से अवगत कराया जाए। इसके अलावा ट्रांसफार्मर शिफ्टिंग और विद्युत पैनल लगाने का कार्य भी जल्द शुरू किया जाए।
बैठक में त्रिवेणी घाट और आस्था पथ के विकास कार्यों पर विशेष चर्चा की गई। अधिकारियों ने बताया कि त्रिवेणी घाट के सौंदर्यीकरण का कार्य चंद्रभागा नदी से गेट नंबर-दो तक दीपावली के बाद शुरू किया जाएगा। आस्था पथ पर प्रस्तावित शेड की ऊंचाई 4.5 मीटर निर्धारित करने के निर्देश दिए गए।
 वहीं, आस्था पथ पर लिफ्ट सिस्टम युक्त शौचालय के निर्माण के लिए नगर निगम के अधिशासी अभियंता के साथ संयुक्त निरीक्षण कर उपयुक्त स्थान चिह्नित किया जाएगा।चंद्रभागा नदी पर प्रस्तावित पुल का निर्माण कार्य भी दीपावली के आसपास शुरू करने की तैयारी है।इन परियोजनाओं के माध्यम से क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं के विकास और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।
सीवर लाइन बिछाने के कार्यों की समीक्षा के दौरान बताया गया कि आशुतोष नगर, बंगाली बस्ती और मायाकुंड क्षेत्र में पाइपलाइन बिछाने के लिए खुदाई की जानी है। इस पर महापौर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि खुदाई शुरू करने से पहले स्थानीय नागरिकों को अनिवार्य रूप से अग्रिम सूचना दी जाए, ताकि उन्हें असुविधा का सामना न करना पड़े। 
उन्होंने संबंधित विभागों को जनसुविधाओं का ध्यान रखते हुए निर्माण कार्यों को व्यवस्थित ढंग से पूरा करने को कहा।
बैठक में मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण, उत्तराखंड पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड, वैपकॉस, महालक्ष्मी बिल्डवेल, एमडी गंगा, जल संस्थान, यूएसएसडीए और यूकेपीजेएन के अधिकारी एवं तकनीकी प्रतिनिधि मौजूद रहे। इनमें एमडीडीए के अधिशासी अभियंता सुनील कुमार, अवर अभियंता सुनील चंद उप्रेती, यूपीसीएल के परियोजना प्रबंधक एसके सिंह, डीसी रमोला और आशीष भट्ट सहित विभिन्न विभागों के अभियंता एवं परियोजना प्रबंधक शामिल रहे।
महापौर ने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि विकास कार्यों की नियमित निगरानी की जाए और तय समय-सीमा के भीतर उन्हें गुणवत्ता के साथ पूरा करने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *