

ऋषिकेश 18 अक्टूबर। ऋषिकेश श्यामपुर क्षेत्र के गुमानीवाला स्थित एक होटल में जुआ खेलने के मामले में ऋषिकेश पुलिस ने 10 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से जुए की फड़ पर रखे ₹2,80,130 नकद और 208 ताश के पत्ते बरामद किए। इसके अलावा आरोपियों की तलाशी के दौरान विभिन्न कंपनियों के 11 मोबाइल फोन भी मिले। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ सार्वजनिक जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 17 अक्टूबर को ऋषिकेश पुलिस की टीम गुमानीवाला और श्यामपुर क्षेत्र में होटल चेकिंग कर रही थी। इस दौरान पुलिस ने गुमानीवाला स्थित होटल सदमार्ग परिवार में पहुंचकर रजिस्टरों का निरीक्षण किया और कमरों की जांच की।
चेकिंग के दौरान होटल के प्रथम तल पर स्थित कमरा नंबर 102 में शोरगुल होने की सूचना पर पुलिस टीम वहां पहुंची। कमरे के अंदर 10 लोग गोल घेरा बनाकर बैठे थे। उनके बीच ताश के पत्ते और नकदी रखी हुई थी। पुलिस के मुताबिक, सभी लोग हार-जीत की बाजी लगाकर जुआ खेल रहे थे। पुलिस टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए सभी 10 लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रविन्द्र सिंह रावत (34), अभिषेक रौतेला (26), मनोज (33), संजय प्रजापति (32), कमल प्रजापति (25), अजय प्रजापति (32), शंकर प्रजापति (28), मोहित (31), ऋषि (45) और सुल्तान सिंह (53) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, सभी आरोपी ऋषिकेश क्षेत्र के अलग-अलग मोहल्लों और स्थानों के निवासी हैं।
पुलिस ने मौके से बरामद नकदी और ताश के पत्तों को नियमानुसार कब्जे में लेकर सीलबंद किया। मामले में कोतवाली ऋषिकेश में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।














Leave a Reply