ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर के कार्यों में आएगी तेजी, एक माह में धरातल पर दिखेंगे विकास कार्य, 3,456 करोड़ की परियोजनाएं प्रस्तावित, 274 करोड़ के कार्य क्रियान्वयन के चरण में; त्रिवेणी घाट का 115 करोड़ से होगा विकास, आस्था पथ का भी होगा सौंदर्यीकरण


ऋषिकेश 27 नवंबर।  योगनगरी ऋषिकेश में गंगा कॉरिडोर परियोजना को गति देने की तैयारी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर सहित राज्य की महत्वपूर्ण आधारभूत विकास परियोजनाओं के कार्यों में तेजी लाई जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि आगामी एक माह के भीतर कुछ परियोजनाओं के कार्य धरातल पर दिखाई देने चाहिए। इसके लिए संबंधित विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर लंबित प्रक्रियाओं को शीघ्र पूरा करें।

शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में उत्तराखण्ड निवेश और आधारभूत संरचना विकास बोर्ड (यूआईआईडीबी) की पांचवीं बैठक आयोजित हुई। बैठक में हरिद्वार गंगा कॉरिडोर, ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर और शारदा रिवर फ्रंट कॉरिडोर समेत विभिन्न महत्वपूर्ण परियोजनाओं की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की समीक्षा की गई।

बैठक में बताया गया कि ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर के अंतर्गत कुल 3,456 करोड़ रुपये की लागत की परियोजनाएं प्रस्तावित हैं। इनमें 274 करोड़ रुपये की परियोजनाएं वर्तमान में क्रियान्वयन के चरण में हैं। जानकी झूला के समीप एकीकृत कमांड एवं कंट्रोल सेंटर के निर्माण का 39 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। इस परियोजना को जून 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

इसके अलावा ऋषिकेश के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों को विकसित करने के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य गतिमान हैं। त्रिवेणी घाट के विकास पर 115.07 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं, जबकि आस्था पथ के सौंदर्यीकरण पर 35.78 करोड़ रुपये की लागत आएगी। वहीं, 32.28 करोड़ रुपये की लागत से चंद्रभागा पैदल पुल का निर्माण कराया जा रहा है। शिवपुरी एवं नीम बीच क्षेत्र में राफ्टिंग और पर्यटकों की सुविधाओं के विस्तार की दिशा में भी कार्य किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकास परियोजनाओं को आगे बढ़ाते समय संबंधित क्षेत्र की धार्मिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक पहचान का विशेष ध्यान रखा जाए। स्थानीय विशिष्टताओं को परियोजनाओं में शामिल किया जाए, जिससे ऋषिकेश की आध्यात्मिक पहचान और पर्यटन संभावनाओं को मजबूती मिले। उन्होंने कहा कि परियोजनाओं के माध्यम से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ने चाहिए।

बैठक में तीनों कॉरिडोर की प्रगति की जानकारी देते हुए बताया गया कि हरिद्वार, ऋषिकेश और शारदा रिवर फ्रंट कॉरिडोर के अंतर्गत कुल 8,279 करोड़ रुपये की परियोजनाएं प्रस्तावित हैं। इनमें लगभग 1,109 करोड़ रुपये के कार्य क्रियान्वयन के चरण में हैं। इन परियोजनाओं से 21 से 27 हजार लोगों को प्रत्यक्ष तथा 45 से 53 हजार लोगों को अप्रत्यक्ष रोजगार मिलने का अनुमान है।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन परियोजनाओं को तत्काल शुरू किया जा सकता है, उनकी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जाए। बैठक में श्रीनगर-बेलकेदार क्षेत्र में लगभग 72 हेक्टेयर भूमि पर आध्यात्मिक आर्थिक क्षेत्र विकसित करने की योजना, साहसिक पर्यटन को सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने, पर्यटन सुविधाओं के विस्तार और निजी निवेश को प्रोत्साहित करने पर भी चर्चा हुई।

बैठक में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, प्रदीप बत्रा, अवस्थापना अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष विश्वास डाबर, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, प्रमुख सचिव आरके सुधांशु, डॉ. आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव रविनाथ रमन, डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय सहित संबंधित विभागों एवं कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारी मौजूद रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *