Advertisement

कारोबारी की हत्या में शामिल मुख्य शूटर और उसकी सहयोगी को अलग-अलग स्थानों पर हुई मुठभेड़ के दौरान किया गिरफ्तार 


देहरादून, 12 फरवरी। देहरादून पुलिस ने गैस एजेंसी कारोबारी की सनसनीखेज हत्या मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने हत्या में शामिल मुख्य शूटर और उसकी सहयोगी को अलग-अलग स्थानों पर हुई मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी है, जिन्हें उपचार के लिए कोरोनेशन चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में दोनों ने तिब्बती मार्केट के सामने हुए हत्याकांड को अंजाम देने की बात कबूल की है। आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त स्कूटी और दो देशी तमंचे बरामद किए गए हैं।

गौरतलब है कि बीते बुधवार सुबह तिब्बती मार्केट के पास दून के एक गैस एजेंसी स्वामी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने मृतक की पहचान अर्जुन शर्मा, निवासी इंदिरा नगर, थाना बसंत विहार, देहरादून के रूप में कराई थी। वह जीएमएस रोड स्थित अमरदीप गैस एजेंसी के स्वामी थे।‌ घटना के बाद शहर में सनसनी फैल गई थी और पुलिस पर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी का दबाव था।

हत्या के दृष्टिगत एसएसपी देहरादून अजय सिंह के निर्देश पर जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में लगातार नाकेबंदी और सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी अभियान के तहत गुरुवार तड़के पुलिस को दो अहम सफलताएं मिलीं।

नाकेबंदी के दौरान रायपुर थाना क्षेत्र के लाडपुर जंगल में एक बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी और उसे मौके पर ही दबोच लिया गया।
सूचना मिलते ही एसएसपी अजय सिंह कोरोनेशन चिकित्सालय पहुंचे और अधिकारियों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।

दूसरी मुठभेड़ लालतप्पड़ पुलिस चौकी क्षेत्र में हुई। स्कूटी सवार बदमाश ने पुलिस के रुकने के इशारे को नजरअंदाज कर भागने की कोशिश की। वह बंद पड़ी एक फैक्ट्री में घुस गया और वहां से पुलिस पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में उसके दाहिने पैर में गोली लगी।

दोनों घायल आरोपियों का कोरोनेशन चिकित्सालय में उपचार जारी है। पुलिस अब हत्याकांड से जुड़े अन्य पहलुओं और संभावित साजिशकर्ताओं की जांच में जुटी है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *