ऋषिकेश 5 मार्च। नगर की स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने और वर्षों पुरानी कूड़ा निस्तारण की समस्या के समाधान की दिशा में महापौर ने लालपानी (कक्ष संख्या–1) स्थित निर्माणाधीन ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, निस्तारण एवं प्रोसेसिंग प्लांट का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों और कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों से परियोजना की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली।
अधिकारियों ने महापौर को बताया कि प्लांट के लिए आवश्यक सभी आधुनिक मशीनें कार्यस्थल पर पहुंच चुकी हैं और वर्तमान में उनका इंस्टॉलेशन कार्य तेजी से किया जा रहा है। परियोजना का सिविल और तकनीकी कार्य भी अब अंतिम चरण में है।
निरीक्षण के बाद महापौर ने कहा कि इस प्लांट के शुरू होने से ऋषिकेश शहर की स्वच्छता व्यवस्था में बड़ा सुधार होगा। उन्होंने बताया कि प्लांट के संचालन में आने के बाद शहर के हृदय स्थल गोविंद नगर स्थित ट्रेंचिंग ग्राउंड में वर्षों से जमा कूड़े (लीगेसी वेस्ट) का पूर्ण निस्तारण किया जाएगा। इससे क्षेत्र की सफाई व्यवस्था बेहतर होगी और आसपास के लोगों को लंबे समय से हो रही असुविधा से भी राहत मिलेगी।
उन्होंने कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए कि गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखते हुए शेष कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए, ताकि प्लांट जल्द से जल्द संचालन में लाया जा सके।
उल्लेखनीय है कि इस महत्वपूर्ण परियोजना का क्रियान्वयन भारतीय राष्ट्रीय कृषक उपज उपार्जन, प्रसंस्करण एवं फुटकर सहकारी संघ मर्यादित (NACOF) द्वारा किया जा रहा है।
इस अवसर पर नगर आयुक्त, नगर निगम ऋषिकेश, अधिशासी अभियंता तथा निर्माण इकाई के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।












Leave a Reply