देहरादून 13 अप्रैल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को सचिवालय में विधानसभा क्षेत्र डीडीहाट, गंगोलीहाट, कपकोट एवं बागेश्वर से संबंधित मुख्यमंत्री घोषणाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जिन घोषणाओं पर अब तक शासनादेश जारी नहीं हुए हैं, उन पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए अधिकतम 20 दिनों के भीतर शासनादेश जारी किए जाएं, ताकि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी न हो।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को राज्य सरकार के मूल मंत्र “सरलीकरण, समाधान, निस्तारण और संतुष्टि” के आधार पर कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े मामलों में आने वाली समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित समाधान किया जाए। साथ ही योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए संबंधित क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया, ताकि विकास कार्यों की गति प्रभावित न हो।
बैठक में मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि वन भूमि हस्तांतरण के मामलों की जनपद स्तर पर नियमित समीक्षा की जाए। इसके अलावा मुख्य सचिव को निर्देश दिए गए कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के अंतर्गत निर्मित सड़कों के रख-रखाव के लिए संबंधित विभागों की एक समन्वय समिति गठित की जाए। यह समिति सड़कों के मेंटेनेंस कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करेगी, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन सुगम और सुरक्षित बना रहे।
मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिए कि सभी सड़कों के पैच वर्क का कार्य वर्षाकाल से पूर्व हर हाल में पूरा कर लिया जाए। उन्होंने खेल अवसंरचना के विकास को प्राथमिकता देते हुए कहा कि जिन स्थानों पर खेल मैदानों के लिए भूमि उपलब्ध है, वहां 15 दिनों के भीतर धनराशि जारी कर निर्माण कार्य शुरू कराया जाए, ताकि युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं मिल सकें।
इसके साथ ही उन्होंने कनालीछीना से पिपली बगड़ीगांव तक मोटर मार्ग के चौड़ीकरण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के तहत राजकीय आदर्श प्राथमिक विद्यालय कपकोट में पूर्व माध्यमिक विद्यालय संचालित करने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने तथा बागेश्वर जिला अस्पताल में मरीजों की सुविधा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में डीडीहाट विधायक बिशन सिंह चुफाल, कपकोट विधायक सुरेश गड़िया, बागेश्वर विधायक पार्वती दास एवं गंगोलीहाट विधायक फकीर राम (वर्चुअल माध्यम से) सहित मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, प्रमुख सचिव डॉ. आर. मीनाक्षी सुंदरम, विशेष प्रमुख सचिव अमित सिन्हा, सचिव शैलेश बगौली, एस.एन. पांडेय, कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत (वर्चुअल माध्यम से), जिलाधिकारी पिथौरागढ़ आशीष भटगांई एवं जिलाधिकारी बागेश्वर आकांक्षा कोण्डे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री हुए सख्त: लंबित घोषणाओं पर 20 दिन में शासनादेश जारी करने और विकास कार्यों में न हो देरी: पुष्कर सिंह धामी












Leave a Reply