देहरादून, 31 मई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को अपने शासकीय आवास में नेताजी सुभाष चन्द्र बोस आवासीय बालिका छात्रावास की छात्राओं के साथ प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 134वें संस्करण को सुना। इस अवसर पर विधायक महंत श्री दलीप सिंह रावत भी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री श्री धामी ने कहा कि ‘मन की बात’ कार्यक्रम देशवासियों को प्रेरित करने वाला एक सशक्त मंच बन चुका है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी विभिन्न क्षेत्रों की प्रेरणादायक कहानियों और सकारात्मक प्रयासों को देश के सामने रखकर लोगों को जनहित के कार्यों के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, नवाचार, स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा तथा सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर प्रधानमंत्री द्वारा दिए जा रहे संदेश समाज में सकारात्मक परिवर्तन का आधार बन रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री की प्रेरणा से उत्तराखण्ड में भी अनेक लोग अपने उत्कृष्ट कार्यों से समाज में बदलाव ला रहे हैं। राज्य सरकार ऐसे प्रेरणादायी व्यक्तित्वों और उनके प्रयासों को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
उन्होंने बताया कि आज के ‘मन की बात’ कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने भीषण गर्मी के दौरान स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने तथा गर्मी से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां अपनाने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने देशी एवं पारंपरिक पेयों को अपनाने तथा आम सहित भारतीय फलों की विशेषताओं पर भी प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के उपरांत मुख्यमंत्री ने नेताजी सुभाष चन्द्र बोस आवासीय बालिका छात्रावास की छात्राओं से संवाद किया और कार्यक्रम के संबंध में उनका फीडबैक प्राप्त किया। उन्होंने छात्राओं के विचार सुनते हुए उन्हें पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद और अन्य रचनात्मक गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी करने के लिए प्रेरित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अच्छे कार्य और सकारात्मक प्रयास दूसरों को भी प्रेरित करते हैं तथा समाज में बेहतर वातावरण का निर्माण करते हैं। निष्ठा, समर्पण और मेहनत से किया गया कार्य हमेशा दूसरों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनता है।
मन की बात से मिलती है समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा : पुष्कर सिंह धामी













Leave a Reply