अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर परमार्थ निकेतन गंगा घाट पर बही योग की धारा – शरीर को निरोगी बनाने की विधा है योग: पुष्कर सिंह धामी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयास से आज पूरी दुनिया में योग जन जन का कार्यक्रम बन चुका है


ऋषिकेश 21 जून । भारत के 75वे अमृत उत्सव के दौरान अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयुष विभाग की ओर से देशभर के 75 नामचीन शहरों में आयोजित योग दिवस के चलते प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने परमार्थ निकेतन के गंगा घाट पर परमार्थ निकेतन के अध्यक्ष स्वामी चिदानंद मुनि की अध्यक्षता में योग कर पूरे उत्तराखंड को योग के प्रति जागरूक किया। जिसमें देश विदेश से आए योगाचार्य के अतिरिक्त स्थानीय नागरिकों ने हजारों की संख्या में प्रतिभाग किया।परमार्थ निकेतन घाट पर प्रो मन्नत मारवा ने साधकों को योगाभ्यास करवाया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयास से आज पूरी दुनिया में योग जन जन का कार्यक्रम बन चुका है। उन्होंने कहा कि योग शरीर को निरोगी बनाने की विद्या है। यह जीवन को एक दिशा देने का काम करती है। प्रत्येक व्यक्ति को अपनी दैनिक दिनचर्या में योग को शामिल करना चाहिए। इससे हमारे जीवन में सकारात्मक परिवर्तन नजर आएंगे। एक स्वस्थ जीवन पद्धति के लिए भारतीय ऋषि मुनियों की अमूल्य देन योग है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत में कभी भी किसी के साथ अमानवीय व्यवहार नहीं किया है। भारत ने हमेशा सत्य और निष्ठा के पथ पर चलकर विश्व में अपना अलग स्थान बनाया है।

कोरोना महामारी के दौर में भारत में न सिर्फ कोविड वैक्सीन का निर्माण किया, बल्कि मानवता का परिचय देते हुए विश्व के कई देशों को वैक्सीन देने का काम किया। हमारी संस्कृति और संस्कार ही वसुधैव कुटुंबकम की भावना को सिखाती है। उन्होंने कहा कि यह धरती आयुष योग और संकल्पों की धरती है। हम योग, संस्कृति, धर्म और अध्यात्म को अपनी प्राथमिकता में रखते हुए प्रदेश को आगे बढ़ाने का काम करेंगे। उत्तराखंड में आने वाले सभी यात्रियों और पर्यटकों को बेहतर व्यवस्था देने के लिए हम मन, वचन और कर्म से दृढ़ संकल्पित हैं।

हमारा लक्ष्य है कि जब हम 2025 में रजत जयंती वर्ष मना रहे हों, तब हम हर दृष्टि से सक्षम बने। हमने सभी विभागों को इसके लिए रोडमैप बनाने को कहा है। 9 नवंबर 2025 तक जब या प्रदेश अपना स्थापना दिवस मना रहा होगा, तब हम एक लक्ष्य के साथ खड़े नजर आएंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी कह चुके हैं कि 21वी सदी का दूसरा दशक उत्तराखंड का होगा।

स्वामी चिदानंद सरस्वती ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास के मूल मंत्र के साथ आगे बढ़ रहे हैं। आज योग को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूरी दुनिया में एक पहचान दिलाई है। योग वह दृष्टि है, जो पूरे विश्व को साथ लेकर चलने का संदेश देते है। योग के माध्यम से हम नफरत की दीवारों को तोड़कर समाज में दरारों को भरने का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि अब हमको ग्रीन योग का भी संकल्प लेना होगा। यह संकल्प हमारे पर्यावरण को संतुलित करने का काम करेगा।

इस अवसर पर परमार्थ निकेतन की ओर से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को गंगा सम्मान से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल, सुबोध उनियाल, पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार, आयुर्वेदिक विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ सुनील जोशी, विधायक यमकेश्वर रेणु बिष्ट, पौड़ी राजकुमार पोरी, उत्तरकाशी दुर्गेश्वर लाल, महापौर अनीता ममगाई, पद्मश्री प्रीतम भरतवाण, पद्मश्री बसंती बिष्ट, मुख्यमंत्री की पत्नी गीता धामी आदि मौजूद रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *