चंबा (टिहरी गढ़वाल), 23 अप्रैल। जनपद टिहरी गढ़वाल के थाना चंबा क्षेत्र में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। डायल 112 के माध्यम से सूचना मिली कि चंबा-कोटी नैल मोटर मार्ग पर एक यूटिलिटी पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। सूचना मिलते ही थाना चंबा पुलिस, SDRF और फायर सर्विस की टीमें तत्काल मौके के लिए रवाना हुईं।
घटनास्थल पर पहुंची राहत टीमों को पता चला कि वाहन में लगभग 9 से 10 लोग सवार थे। प्रारंभिक रेस्क्यू अभियान के दौरान अब तक 2 घायलों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के लिए भेजा गया है।
दुर्घटना की गंभीरता को देखते हुए SDRF, स्थानीय पुलिस और फायर सर्विस द्वारा संयुक्त रूप से युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव कार्य चलाया जा रहा है। खाई गहरी होने के कारण रेस्क्यू अभियान में काफी चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है, फिर भी टीमों द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
मौके पर जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भी पहुंच चुके हैं तथा राहत कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। प्रशासन द्वारा घायलों को शीघ्र चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने और अन्य फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
फिलहाल राहत एवं बचाव कार्य जारी है और घटना से जुड़ी विस्तृत जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।
खाई में गिरी पिकअप, 9–10 लोग सवार—SDRF का रेस्क्यू अभियान जारी













Leave a Reply