ऋषिकेश, 9 जुलाई। पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के संकल्प के साथ बुधवार को लाल बीट वन क्षेत्र में वन विभाग एवं पूर्व मेयर अनिता ममगाई के नेतृत्व में भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे गए तथा उपस्थित लोगों ने वृक्षों के संरक्षण एवं संवर्धन की शपथ ली।
कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व मेयर अनिता ममगाई द्वारा पौधारोपण कर किया गया। इसके बाद वन विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने सामूहिक रूप से नीम, पीपल, बरगद, अशोक तथा विभिन्न फलदार प्रजातियों के पौधे लगाए। कार्यक्रम में लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण का भी संकल्प लिया गया।
इस अवसर पर अनिता ममगाई ने कहा कि वृक्ष मानव जीवन का आधार हैं और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पर्यावरण संरक्षण के विजन को आगे बढ़ाने के लिए प्रत्येक नागरिक को वृक्षारोपण को जन आंदोलन बनाना होगा। उन्होंने कहा कि आज ली गई शपथ आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, सुरक्षित और हराभरा वातावरण देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
वन विभाग के अधिकारी सुनील भदुला ने जलवायु परिवर्तन, प्रदूषण नियंत्रण और वनों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि विभाग जिले में लगातार वृक्षारोपण अभियान चला रहा है। उन्होंने लोगों से पौधे लगाने के साथ-साथ उनकी सुरक्षा और देखभाल सुनिश्चित करने की अपील की।
कार्यक्रम में पार्षद राजेश कोटियाल, वन दरोगा प्रतिमा, अवतार सिंह रावत, रोशन ध्यानी, ममता रावत, राखी बिष्ट, वन आरक्षी अंशु, ज्योति एवं अरविन्द सिंह, वृक्षारोपण चौकीदार वासुदेव और प्रिंस सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं पर्यावरण प्रेमी उपस्थित रहे।
फोटो कैप्शन: लाल बीट वन क्षेत्र में आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम के दौरान पौधारोपण करतीं पूर्व मेयर अनिता ममगाई एवं उपस्थित वन विभाग के अधिकारी व सामाजिक कार्यकर्ता।













Leave a Reply